नागपुर समाचार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नागपुर–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर नागपुर रेलवे स्टेशन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहे।
लंबे समय से नागपुर–पुणे के बीच वंदे भारत सेमी हाईस्पीड ट्रेन की मांग कर रहे यात्रियों की प्रतीक्षा रविवार को पूरी हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अजनी (नागपुर)–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्रेन को रवाना किया।
ट्रेन में जाकर यात्रियों से की मुलाकात
ट्रेन के रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री फडणवीस ने ट्रेन के कोचों में जाकर सफर कर रहे यात्रियों और स्कूली बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने इस सेवा को विदर्भ और पश्चिम महाराष्ट्र के बीच तेज़, आरामदायक और अत्याधुनिक यात्रा का नया अध्याय बताया। रोजाना सैकड़ों लोग नागपुर से पुणे की यात्रा करते हैं। वंदे भारत सेवा शुरू होने से यात्रियों को तेज़, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा। यह ट्रेन विदर्भ और पश्चिम महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा व पर्यटन को नई दिशा देगी।”
12 घंटे में ट्रेन तय करेगी सफर
ट्रेन लगभग 881 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। इसमें 8 कोच 7 एसी चेयर कार और 1 एग्ज़ीक्यूटिव चेयर कार हैं, जिनमें कुल 590 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। अजनी से पुणे के बीच वर्धा, अकोला, भुसावल, जलगांव और अहमदनगर सहित 10 प्रमुख स्टेशनों पर यह ठहरेगी। पुणे से यह सुबह 6:25 बजे रवाना होकर शाम 6:25 बजे अजनी पहुंचेगी, जबकि अजनी से सुबह 9:50 बजे प्रस्थान कर रात 9:50 बजे पुणे पहुंचेगी। हालांकि, कुछ यात्रियों ने इसमें स्लीपर कोच जोड़ने की मांग भी उठाई है।