नागपुर समाचार : नागपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के कीमती सामान की चोरी करने वाली एक महिला टोली का नागपुर लोहमार्ग पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। चोरी के एक मामले में पुलिस ने गुजरात के भावनगर निवासी चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन महिलाओं के कब्जे से पुलिस ने करीब एक लाख रुपए मूल्य का चोरी का सामान भी बरामद किया है।
नागपुर रेलवे स्टेशन पर चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं की एक टोली ने यात्रियों के पास से उनका कीमती सामान चुरा लिया था। जांच में सामने आया कि यह टोली छोटे बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन परिसर में डेरा डालकर आने-जाने वाले यात्रियों पर नजर रखती थी और मौका मिलते ही उनका सामान उड़ा लेती थी।
हाल ही में हुई दो चोरी की वारदातों के बाद नागपुर लोहमार्ग पुलिस ने सोमवार सुबह स्टेशन परिसर में जाल बिछाया। इसी दौरान पुलिस ने चार महिलाओं को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिलाओं के नाम गीता सोलंकी, नीता सोलंकी, सोनिया सोलंकी और मीनू सोलंकी हैं, जो सभी गुजरात के भावनगर की निवासी हैं। उनके साथ दो छोटे बच्चे भी थे।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इन महिलाओं ने नागपुर के अलावा अहमदाबाद, सिकंदराबाद और सूरत जैसे बड़े रेलवे स्टेशनों पर भी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। इन महिलाओं के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग एक लाख रुपए मूल्य का माल बरामद किया है।