नागपुर समाचार : पेट्रोल-डीजल और गैस की संभावित कमी की पृष्ठभूमि में आपदा प्रबंधन के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के बाद राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि नागपुर में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। नियोजन भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने नागरिकों से ईंधन का उपयोग मितव्ययिता और सावधानी के साथ करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नागपुर में पेट्रोल-डीजल और गैस की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं और किसी भी प्रकार की बड़ी समस्या नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ स्थानों पर स्थानीय परिवहन अथवा तकनीकी कारणों से किसी पेट्रोल पंप पर आपूर्ति में देरी हो सकती है लेकिन केंद्र सरकार की ओर से आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है। पानी की कमी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर पानी का दोहन हो रहा है। इसलिए एमआईडीसी क्षेत्र के उद्योगों पर जल उपयोग संबंधी प्रतिबंध लगाने के लिए बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पेयजल के लिए बांधों में जल भंडार सुरक्षित रखने हेतु आवश्यक मितव्ययिता बरतनी होगी। राशन वितरण के विषय में कहा कि कुछ गांवों में ऐसे लाभार्थियों को भी अनाज मिल रहा है जिन्हें इसकी आवश्यकता नहीं है। ग्राम पंचायतों को ऐसे लाभार्थियों की सूची की जांच कर सहमति से नाम हटाने चाहिए। अगले ३० दिनों में प्राथमिकता समूह अंतिम कर राशन वितरण प्रक्रिया लागू की जाएगी। नागपुर जिले में बंद पड़ी पत्थर खदानों के गड्डों को विद्युत प्रकल्पों की राख और मिट्टी भरकर सामाजिक वनीकरण योजना लागू करने का निर्णय लेने की जानकारी भी उन्होंने दी।




