- Breaking News, नागपुर समाचार

10 स्थानों पर गणेश प्रतिमा विसर्जन, 3500 पुलिस जवान तैनात

नागपुर : पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत शहर में 10 स्थानों पर गणेश मूर्तियों के विसर्जन का इंतजाम किया गया है। यहां 377 सार्वजनिक गणेश मूर्तियों के अलावा घरेलू गणेश मूर्तियों का भी विसर्जन होगा। निगरानी के लिए कुल 31 सीसीटीवी लगाए गए हैं। बंदोबस्त में 3500 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। राज्य आरक्षी पुलिस बल के जवान भी मुस्तैद रहेंगे।

ये हैं वे 10 स्थान :  फुटाला तालाब, गांधीसागर तालाब, नाईक तालाब, बारादरी तालाब, सक्करदरा कृत्रिम तालाब, सोनेगांव तालाब, कोराडी तालाब, महादेव घाट कामठी, वेणा नदी हिंगना शामिल हैं। 

बंदोबस्त में रहेंगे : 7 पुलिस उपायुक्त , 14 सहायक पुलिस आयुक्त, 63 पुलिस निरीक्षक , 190 सहायक पुलिस निरीक्षक-पुलिस उपनिरीक्षक, 1445 पुरुष पुलिस कर्मचारी, 229 महिला पुलिस कर्मचारी, 580 पुरुष-महिला होमगार्ड, राज्य आरक्षी पुलिस बल की 3 टुकड़ियां।

फुटाला तालाब पर तैनाती : 2 पुलिस उपायुक्त, 2 सहायक पुलिस आयुक्त, 6 पुलिस निरीक्षक, 12 सहायक पुलिस निरीक्षक-उपनिरीक्षक, 130 पुरुष कर्मचारी, 45 महिला कर्मचारी, 65 महिला व पुरुष होमगार्ड, राज्य आरक्षी पुलिस बल की 3 टुकड़ियां। यहां पर बने पुलिस नियंत्रण कक्ष में 16 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 5 आरक्षित पुलिस दस्ता, क्यू आरटी और दंगा नियंत्रण दस्ते को भी तैनात किया गया है। 

विसर्जन मार्ग पर चौकसी : विसर्जन मार्ग पर 1 से 12 सेक्टर बनाए गए हैं। अपराध शाखा पुलिस का दस्ता भी तैनात किया गया है, जो अापराधिक छवि वालों पर नजर रखेगा। सभी सार्वजनिक मंडलों को संबंधित थानों की पुलिस ने पहले ही हिदायतें दे रखीं हैं।

ध्वनि प्रदूषण पर रोक : यातायात पुलिस विभाग को भी बंदोबस्त में तैनात किया गया है, जो विसर्जन मार्ग पर बने सेक्टरों पर तैनात रहेंगे। इस दौरान यातायात पुलिस विभाग ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम पर विशेष नजर रखेगी। बता दें कि गणेश विसर्जन के लिए मूर्तियों को ले जाते समय ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगा दी गई है। 

सुरक्षित रहें और रखें : संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पाईंट लगाए गए हैं, जहां पर पुलिस के सशस्त्र जवानों को तैनात किया गया है। बम शोधक और नियंत्रक दस्ते जगह – जगह पर तलाशी अभियान जारी रखेंगे। दंगा नियंत्रक और एसआरपीएफ के जवान गश्त करते रहेंगे। पुलिस ने आह्वान किया है कि गणेश विसर्जन के समय भीड से बचें, खुद भी सुरक्षित रहें और परिवार को भी सुरक्षित रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *