मौदा समाचार : मंगलवार को दोपहर करीब 4 बजे के दरम्यान पुराने मैत्री बौद्ध विहार के पास कुत्तों के झुंड ने एक बच्चे पर हमला कर दिया। घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना से नागरिकों में भारी रोष देखा जा रहा है। प्राप्त जानकारी अनुसार, दिलीप वासनिक के किरायेदार अंकुश शहाने का 3 वर्षीय बेटा वंश घर के आंगन में खेल रहा था। ठीक उसी समय कुत्तों का झुंड वहां आया और वंश पर हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले में वंश बुरी तरह घायल हो गया। यह नजारा देख परिजन तथा आसपास के लोग दौड़े कुत्तों का झुंड वहां से भाग गया और वंश को घायल अवस्था में समीन के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां वंश ने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि वंश शहाने परिवार का इकलौता बेटा था। इससे पहले भी परिसर के छोटे बच्चों पर आवारा कुत्तों ने हमला करने की घटनाएं हो चुकी हैं। मौदा नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द इन आवारा कुत्तों का बंदोबस्त करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। वंश के परिजनों मुआवजा देने की मांग की गई है।




