- Breaking News, खासदार क्रीड़ा महोत्सव, खेलकुद , नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करने का प्रयास – मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस

खासदार क्रीड़ा महोत्सव, खेलों को बढ़ावा देने सुविधाओं का हो रहा विकास

नागपुर समाचार : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि नागपुर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इन आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं के माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार होंगे तथा खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी। वे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना से आयोजित आठवें खासदार क्रीड़ा महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन कविवर्य सुरेश भट सभागार में किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय युवा कल्याण एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खड़से, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक कृष्णा खोपड़े, प्रवीण दटके, संजय भेंडे, नवनिर्वाचित विधायक अरुण लखानी, महापौर नीता ठाकरे, क्रीड़ा महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष संदीप जोशी, पूर्व सांसद डॉ. विकास महात्मे तथा मनपा में सत्तापक्ष नेता नरेंद्र बोरकर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।

प्रस्तावना में आयोजन समिति के अध्यक्ष संदीप जोशी ने बताया कि आगामी जनवरी माह से सांसद क्रीड़ा महोत्सव के नए संस्करण की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव को खिलाड़ियों और नागरिकों का बढ़ता हुआ प्रतिसाद मिल रहा है। इसके माध्यम से अनेक प्रतिभावान खिलाड़ियों को अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध हो रहा है, जिससे नागपुर में मजबूत खेल संस्कृति और प्रतिस्पर्धी वातावरण विकसित हो रहा है।

महोत्सव के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले १४ खिलाड़ियों को सांसद क्रीड़ा भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया

  • वॉलीबॉल : कर्मण्य चिलकुलवार
  • एथलेटिक्स : अंजलि मडावी
  • खो-खो : सिद्धेश सातपुते
  • सॉफ्टबॉल : उर्वशी सनेश्वर
  • हँडबॉल : हरप्रीत सिंह रंधावा
  • कबड्डी : मंगला ढबाले
  • स्केटिंग : अदिति धांडे
  • शतरंज : श्रद्धा बजाज
  • कुश्ती : नंदिनी साहू
  • बैडमिंटन : निशिका गोखे
  • योगासन : भरत डेलिकर
  • बास्केटबॉल : गुंजन मंत्री
  • जिम्नास्टिक : अवनी राठौड़
  • तैराकी : अदित्री पयासी

विशेष पुरस्कारों से भी हुआ सम्मान

महोत्सव में खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए

  • उत्कृष्ट आयोजक : विजय डांगरे
  • उत्कृष्ट प्रशिक्षक : रवींद्र टोंग
  • क्रीड़ा सेवक पुरस्कार : उमेश नायडू
  • क्लब उत्कृष्ट क्रीड़ा मंडल : यंग मुस्लिम फुटबॉल

समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल तथा प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही तथा खेलों के विकास के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया गया।

षण्मुखप्रिया के सुरों का जादुई दरबार नागपुरवासी मंत्रमुग्ध

शानदार समापन समारोह के बाद नागपुरवासियों को संगीत की एक अविस्मरणीय सौगात मिली। इंडियन आइडल फेम प्रसिद्ध गायिका षण्मुखप्रिया के शानदार लाइव कॉन्सर्ट ने सभागार को मधुर सुरों की मोहक गूंज से सराबोर कर दिया। षण्मुखप्रिया की दमदार आवाज, अनूठी गायन शैली और मंच पर उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति ने उपस्थित संगीतप्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके सुरों की जादुई छटा और आकर्षक मंचीय उपस्थिति ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा तथा कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

अगले वर्ष विदर्भस्तर पर आयोजन

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की कि अगले वर्ष सांसद क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन केवल नागपुर शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे विदर्भ स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस महोत्सव में एक लाख से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।

खेल क्षेत्र को मिलेगी नई गति : खड़से

केंद्रीय खेल राज्यमंत्री रक्षा खड़से ने कहा कि देशभर में खेलों के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि २०३६ में भारत में ओलंपिक खेलों के आयोजन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए खेल अधोसंरचना और संसाधनों के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।