IPL समाचार : शुभमन गिल (104) और साई सुदर्शन (58) के बीच 167 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की बदौलत गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ ही गुजरात फाइनल में पहुंच गई है, वहीं राजस्थान का सफर समाप्त हो गया है।
31 मई, रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच खेला जाएगा। निर्णायक मैच में गुजरात की टक्कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी। यह दोनों टीम क्वालिफायर-1 में भी टकराई थीं, जहां बेंगलुरु ने बाजी मारी थी। फाइनल में गत चैंपियन आरसीबी की पास जहां ट्रॉफी का बचाव करने का मौका है। वहीं गुजरात की नजर दूसरी ट्रॉफी पर है।

वैभव ने संभलकर की बल्लेबाजी
टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी राजस्थान की लड़खड़ाती पारी को वैभव सूर्यवंशी ने संभाला। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित करते हुए 47 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली तो वहीं अंतिम ओवर में डोनोवन फरेरा ने राशिद खान पर चार छक्के जड़े और राजस्थान रॉयल्स को क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस के विरुद्ध छह विकेट पर 214 रन तक पहुंचाया। 215 रन के टारगेट को गुजरात ने 19वें ओवर में 3 विकेट खोकर चेज कर लिया।

गिल-सुदर्शन ने तय कर दी जीत
215 रन चेज करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने राजस्थान के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। साई सुदर्शन को एक जीवनदान मिल और उन्होंने इसका भरपूर फायदा उठाया। देखते ही देखते दोनों बल्लेबाजों ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
IPL के एक संस्करण में सर्वाधिक 50+ रन
11 – विराट कोहली (2016)
9 – डेविड वार्नर (2016)
9 – डेविड वार्नर (2019)
9 – साई सुदर्शन (2026)
दो अलग-अलग IPL संस्करणों में 700 से अधिक रन
- क्रिस गेल 2012 और 2013 में
- विराट कोहली 2016 और 2024 में
- साई सुदर्शन 2025 और 2026 में
मेंस टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक शतकीय साझेदारियां (किसी भी विकेट)
- 11: शुभमन गिल, साई सुदर्शन (48 पारियां)
- 10: क्रिस गेल, विराट कोहली (63 पारियां)
- 10: बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान (75 पारियां)
- 10: एबी डीविलियर्स, विराट कोहली (77 पारियां)
- 7: अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह (44 पारियां)
- 7: इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज (49 पारियां)
हिट विकेट आउट हुए
फिफ्टी पूरा करने के बाद साई सुदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। वह पिछले मैच की तरह ही एक बार फिर हिट विकेट आउट हुए। साई के हाथ से बल्ला छूटा और विकेट पर जाकर लगा। साई और गिल के बीच 77 गेंदों पर 167 रनों की साझेदारी हुई।
मेंस टी20 में सबसे अधिक हिट-विकेट आउट
3 – आंद्रे रसेल
3 – शोएब मलिक
3 – साई सुदर्शन (सभी IPL में)
IPL प्लेऑफ में हाइएस्ट पार्टनरशिप (किसी भी विकेट के लिए)
- 167 – शुभमन गिल और साई सुदर्शन (GT) बनाम RR, मुल्लनपुर, 2026 क्वालिफायर- 2
- 159 – माइकल हसी और मुरली विजय (CSK) बनाम RCB, चेन्नई, 2011 फाइनल
- 140* – माइकल हसी* और सुरेश रैना (CSK) बनाम MI, दिल्ली, 2013 क्वालिफायर- 2
- 138 – शुभमन गिल और साई सुदर्शन (GT) बनाम MI, अहमदाबाद, 2023 क्वालिफायर- 2
- 136 – मनविंदर बिस्ला और जैक्स कैलिस (KKR) बनाम CSK, चेन्नई, 2012 फाइनल
गिल ने लगाया शतक
गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने 47 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। जोफ्रा आर्चर ने उन्हें LBW आउट किया। गिल ने 53 गेंदों पर 104 रन की पारी खेली। इस दौरान गिल ने 15 चौके और 3 छक्के लगाए। गिल का यह आईपीएल में 5वां शतक था। वॉशिंगटन सुंदर ने 16 रनों का योगदान दिया।
IPL में सबसे ज्यादा शतक
- 9 – विराट कोहली
- 7 – जोस बटलर
- 6 – क्रिस गेल
- 6 – केएल राहुल
- 5 – संजू सैमसन
- 5 – शुभमन गिल
IPL कप्तान के तौर पर शतक
- 5 – विराट कोहली
- 3 – केएल राहुल
- 2 – शुभमन गिल
रियान ने जीता टॉस
राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों की निगाहें युवा वैभव सूर्यवंशी पर टिकी थीं और उन्होंने किसी को निराश नहीं किया। वैभव ने कैगिसो रबादा और जेसन होल्डर जैसे अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की।
राजस्थान की खराब शुरुआत
राजस्थान की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल (1) और ध्रुव जुरेल (7) आउट हो गए। इसके बाद वैभव पर जिम्मेदारी बढ़ गई। इस्तेमाल की हुई पिच पर मोहम्मद सिराज, रबादा और प्रसिद्ध कृष्णा ने लगातार शरीर की तरफ छोटी गेंदें डालकर उन्हें बांधने की कोशिश की। शुरुआत में वैभव गेंद को अच्छी तरह टाइम नहीं कर पा रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कई शानदार शॉट लगाए। रबादा की 153 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंद पर लगाया गया सीधा छक्का सबसे खास रहा।
4 नंबर पर उतरे जडेजा
मुश्किल परिस्थितियों को देखते हुए रवींद्र जडेजा को चौथे नंबर पर भेजा गया और उन्होंने 35 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाकर अहम योगदान दिया। प्रसिद्ध कृष्णा की छोटी गेंदों का उन्होंने जमकर फायदा उठाया। हालांकि टेनिस एल्बो की परेशानी के कारण जडेजा आठवें ओवर के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए, लेकिन बाद में लौटकर फरेरा का साथ निभाया।
सूर्यवंशी को मिला भाग्य का साथ
वैभव को किस्मत का भी साथ मिला जब 46 रन पर साई सुदर्शन ने उनका कैच छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने टूर्नामेंट का अपना छठा अर्धशतक पूरा किया और मध्य ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। हेलमेट पर गेंद लगने के बावजूद उन्होंने रबादा के खिलाफ शानदार शाट खेले, जबकि जेसन होल्डर की गेंदों पर भी बेहतरीन स्ट्रोक लगाए।
फिर शतक से चूके वैभव
ऐसा लग रहा था कि वैभव शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन लगातार दूसरे मैच में वह शार्ट गेंद पर थर्ड मैन में कैच देकर 96 रन पर आउट हो गए। इस आइपीएल में वह चार मैचों में से तीसरी बार नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए। एक समय गुजरात टाइटंस राजस्थान को 200 रन से नीचे रोकती दिख रही थी, लेकिन आखिरी ओवर में राशिद खान को गेंदबाजी देना टीम पर भारी पड़ गया।
डोनोवन फरेरा (38) ने उनके ओवर में चार छक्के उड़ाते हुए 27 रन बटोर लिए और मैच का पूरा रंग बदल दिया। कप्तान रियान पराग ने 11, दासुन शनाका ने 3 और जोफ्रा आर्चर ने 7 रन बनाए। रबाडा और होल्डर ने 2-2 विकेट चटकाए।
वैभव ने बनाए सबसे तेज एक हजार रन
इस पारी में उन्होंने अपने आईपीएल करियर के एक हजार रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने महज 23 पारियों में यह आंकड़ा पार किया। वह सबसे तेज एक हजार रन बनाने वाले भारतीय भी बन गए हैं। उनसे पहले साई सुदर्शन ने 25 पारियों में एक हजार रन बनाए थे।
सबसे कम पारियों में एक हजार रन बनाने का रिकार्ड शान मार्श(21 पारी) के नाम है। वैभव ने एक हजार रन महज 440 गेंदों में पूरे किए जो आइपीएल में एक नया रिकॉर्ड बन गया है। इससे पहले सबसे कम गेंदों में एक हजार रन बनाने का रिकॉर्ड आंद्रे रसल(545) के नाम था।
सबसे तेज 1000 आईपीएल रन (पारी)
- 21 – शॉन मार्श
- 23 – लेंडल सिमंस
- 23 – वैभव सूर्यवंशी
- 24 – डेवोन कॉनवे
- 25 – मैथ्यू हेडन
- 25 – साई सुदर्शन
सबसे तेज 1000 आईपीएल रन (बॉल)
- वैभव सूर्यवंशी: 440 गेंद
- आंद्रे रसेल: 566 गेंद
- टिम डेविड: 573 गेंद
- ट्रेविस हेड: 588 गेंद
- फिल सॉल्ट: 591 गेंद




