- Breaking News, नागपुर समाचार, मनपा

नागपुर समाचार : ३८ स्थानों पर दूषित पानी को बंद किया, नाईक तालाब का महापौर नीता ठाकरे ने किया दौरा

नागपुर समाचार : मध्य नागपुर की शान कहे जाने वाले नाईक तालाब ने अब वास्तव में नया रुप धारण कर लिया है। तालाब में आने वाले ३८ स्थानों के गंदे पानी (सीवेज) को पूरी तरह बंद कर दिए जाने से यह जलस्रोत अब प्रदूषणमुक्त हो गया है। यह दावा मनपा प्रशासन की तरफ से महापौर नीता ठाकरे के दौरे के दौरान किया गया।

महापौर ने तालाब पुनर्जीवन पर संतोष व्यक्त किया है। गुरुवार की सुबह महापौर ने नाईक तालाब और लेंडी तालाब क्षेत्र का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। कुछ महीने पहले तक नाईक तालाब जलकुंभी, दुर्गंध और गंदगी से घिरा हुआ था, जिससे आसपास के नागरिकों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा था। लेकिन मनपा के विशेष स्वच्छता अभियान के कारण तालाब को नया जीवन मिला है।

निरीक्षण के दौरान महापौर नीता ठाकरे ने नागरिकों की सुविधा के लिए तालाब परिसर में तत्काल वॉकिंग ट्रैक शुरु करने तथा सुरक्षा के लिए तालाब की सुरक्षा दीवार पर तुरंत ग्रिल लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानी दाणी वखरे, अधीक्षक अभियंता श्वेता बनर्जी, सहायक आयुक्त हरीश राऊत, कार्यकारी अभियंता राजेश दुफारे सहित स्थानीय पार्षद मौजूद थे।

लेंडी तालाब पर अतिक्रमण

लेंडी तालाब के निरीक्षण के दौरान महापौर ने वहां हुए अतिक्रमण पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी वखरे ने संबंधित नागरिकों को नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश प्रशासन को दिए। साथ ही बरसात के मौसम में तालाब ओवरफ्लो होकर बस्ती में पानी न घुसे, इसके लिए पानी के प्रवाह को सुरक्षित स्थान की ओर मोड़ने के आदेश भी दिए गए।