- Breaking News, उद्घाटन, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : कोराडी में भव्य हनुमान प्रतिमा तैयार; केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में जून में होगा ऐतिहासिक समारोह

नागपुर समाचार : जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोराडी में स्थित श्री महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान परिसर अब देशभर के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। यहां मध्य भारत की सबसे ऊंची और भव्य हनुमान प्रतिमा का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसका लोकार्पण आगामी जून महीने में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों किए जाने की तैयारी चल रही है।

इस संबंध में राजस्व मंत्री तथा श्री महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परियोजना केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं होगी, बल्कि यह आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और रोजगार सृजन का एक विशाल केंद्र बनकर उभरेगी। कोराडी में निर्मित यह भव्य हनुमान प्रतिमा मध्य भारत की सबसे ऊंची प्रतिमा मानी जा रही है। इसकी कुल ऊंचाई फाउंडेशन सहित लगभग २०६ फीट है, जबकि वास्तविक प्रतिमा की ऊंचाई १६२ फीट रखी गई है। इसके अलावा भगवान हनुमान के हाथ में स्थापित गदा की ऊंचाई ७४ फीट है, जो इस प्रतिमा को और भी भव्य स्वरूप प्रदान करती है। इस विशाल प्रतिमा परिसर को आधुनिक तकनीक और आध्यात्मिक अनुभूति के संगम के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सेवन-डी हनुमान चालीसा प्रोजेक्शन की विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिसके माध्यम से श्रद्धालु आधुनिक तकनीक के जरिए भगवान हनुमान के जीवन, उनकी शक्ति, भक्ति, समर्पण और आदर्शों का अद्भुत अनुभव कर सकेंगे।

प्रतिमा के नीचे भगवान हनुमान के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों का प्रस्तुतिकरण भी किया जाएगा। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को केवल दर्शन ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, एकाग्रता, बलोपासना और गुणों को आत्मसात करने की प्रेरणा भी मिलेगी। इसके अलावा युवाओं के लिए भी आधुनिक कौशल विकास केंद्र तैयार किए जा रहे हैं, जहां उन्हें रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे क्षेत्र के हजारों युवाओं को भविष्य में रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है।

बावनकुले ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, और सुनेत्रा पवार के सहयोग के लिए विशेष आभार माना। परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर लैंडस्केपिंग की जाएगी। इसके साथ ही यहां आकर्षक बटरफ्लाई गार्डन यानी तितली उद्यान भी विकसित किया जाएगा। इसके लिए जिला नियोजन समिति को प्रस्ताव भेजा गया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद, अधीक्षक अभियंता प्रशांत भंडारकर, प्रकल्प सलाहकार अविनाश नावस्कर सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। 

इस पूरे विकास प्रारूप में शिक्षा और स्वास्थ्य को भी विशेष महत्व दिया गया है। यहां ५०० विद्यार्थियों के लिए आधुनिक छात्रावास बनाया जाएगा। साथ ही लगभग ८०० विद्यार्थियों को नाममात्र शुल्क में शिक्षा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा तीन लाख पुस्तकों वाली विशाल ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को आधुनिक अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधाएं भी यहां शुरू की जाएंगी।

कोराडी बनेगा अध्यात्म और पर्यटन का बड़ा केंद्र

पालकमंत्री बावनकुले ने कहा कि कोराडी को केवल धार्मिक स्थल तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है इसके लिए नागपुर सुधार प्रन्यास और नागपुर महानगर प्रादेशिक विकास प्राधिकरण के माध्यम से कई महत्वपूर्ण विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। इसी दिशा में यहां कौशल प्रशिक्षण केंद्र, महिला प्रशिक्षण केंद्र और स्वरोजगार से जुड़े कई उपक्रम शुरू किए जा रहे हैं।