- Breaking News, Meeting, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : १०० उद्यानों के विकास का बनेगा मास्टर प्लान, सत्तापक्ष नेता बाल्या बोरकर के निर्देश

नागपुर समाचार : मनपा शहर के नागरिकों और बच्चों के लिए १०० खेल के मैदान और १०० उद्यान विकसित करने जा रही है। मनपा सत्तापक्ष के नेता बाल्या बोरकर ने अधिकारियों को इन उद्यानों और मैदानों के विकास के लिए एक सुनियोजित मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। खेल मैदानों और उद्यानों के व्यवस्थित विकास के लिए बाल्या बोरकर की अध्यक्षता में एक विशेष समिति का गठन किया गया है। इस समिति की महत्त्वपूर्ण बैठक स्थायी समिति सभागृह में बोरकर की अध्यक्षता में हुई।

इसमें प्रभारी अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, अधीक्षक अभियंता लीना उपाध्ये, उपायुक्त मंगेश खवले व गणेश राठोड, उद्यान अधीक्षक अमोल चौरपगार, और क्रीडा अधिकारी डॉ. पीयूष आंबुलकर सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए बाल्या बोरकर ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रभाग (वार्ड) के अनुसार उद्यानों और खेल के मैदानों का विकास किया जाना आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जहां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल के मैदान बहुत जरूरी हैं, वहीं नागपुर शहर के पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए उद्यानों का विकास भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बोरकर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मैदानों और उद्यानों का विकास करते समय स्थानीय नगरसेवकों के साथ भी चर्चा की जानी चाहिए, ताकि स्थानीय जरूरतों को समझा जा सके। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में जो खेल अधिक लोकप्रिय है, वहां उसी खेल को बढ़ावा देने और उससे जुड़ीं सुविधाएं विकसित करने को कहा गया है।

इस पूरी परियोजना के लिए मनपा के बजट में विशेष प्रावधान किया जाएगा। बैठक के दौरान उपायुक्त मंगेश खवले ने संपत्ति (स्थावर) विभाग की ओर से जानकारी देते हुए बताया कि शहर में खेल मैदानों और उद्यानों के लिए कितनी जगह उपलब्ध है, इसका सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया।