नागपुर समाचार : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मेयो, मेडिकल तथा मानकापुर स्थित विभागीय क्रीड़ा संकुल के अंतर्गत नागपुर स्पोर्ट्स हब प्रकल्प के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण कार्यों की कुछ त्रुटियों को संज्ञान में लाते हुए संबंधित अधिकारियों को उसमें सुधार या बदलाव करने के निर्देश भी दिये।
मेयो के निरीक्षण के दौरान उनके साथ विधायक प्रवीण दटके, पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी, मनपा आयुक्त विपिन इटनकर, जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद, मेयो के डीन डॉ. रवि चव्हाण, अधीक्षक डॉ. नितीन शेंडे सहित संबंधित विभागों के प्रमुख उपस्थित थे. सीएम ने शल्य चिकित्सा विभाग और नेत्र विभाग के मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, सिकल सेल और थैलेसीमिया कक्ष का निरीक्षण किया. साथ ही रेजिडेंट मेडिकल अधिकारियों के लिए बनाए जा रहे छात्रावास भवन का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए और मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और शिक्षा उपलब्ध होनी चाहिए. यही हमारा उद्देश्य है. उन्होंने विशेष रूप से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
महात्मा फुले जन आरोग्य योजना से सरकारी अस्पतालों को लाभ
निरीक्षण के बाद सीएम ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि हमने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए महात्मा फुले जन आरोग्य योजना को सरकारी अस्पतालों में लागू किया है. सरकारी अस्पतालों में अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल डॉक्टर और सक्षम व्यवस्था उपलब्ध है।
इस योजना के माध्यम से अस्पतालों को बीमा कंपनियों से आय प्राप्त हो रही है जिससे उनके नियमित खर्च पूरे करने में मदद मिलती है. केवल निजी अस्पतालों पर निर्भर रहकर इस योजना को प्रभावी रूप से लागू नहीं किया जा सकता. इसलिए सरकारी अस्पतालों के शामिल होने से योजना अधिक व्यापक हुई है. प्रक्रियाओं और ऑपरेशनों की संख्या में भी वृद्धि हुई है. मेयो व मेडिकल अस्पताल ने भी इस योजना के तहत अच्छा काम किया है।
क्रीड़ा संकुल व कलेक्ट्रेट का दौरा
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने मानकापुर स्थित विभागीय क्रीड़ा संकुल में चल रहे स्पोर्ट्स हब के विभिन्न विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि यहां देश के सर्वोत्तम स्तर का क्रीड़ा संकुल विकसित किया जाए।
इस अवसर पर विभागीय आयुक्त विजयालक्ष्मी बिदरी, जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद, क्रीड़ा उपसंचालक पल्लवी धात्रक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे. सीएम ने जिलाधिकारी परिसर में बन रहे स्मार्ट कलेक्ट्रेट के कार्यों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने मार्च 2027 तक किसी भी हालत में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये. इस 12 मंजिल इमारत में संपूर्ण राजस्व विभाग के कार्यालय शिफ्ट किये जाएंगे और एक ही छत के नीचे नगारिकों को सुविधा मिल सकेगी।




