- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : लगातार 3 हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स (DC) को नसीब हुई जीत, केएल राहुल और पथुम निसंका की आंधी में उड़ा राजस्थान, राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से रौंदा

IPL समाचार : दिल्ली कैपिटल्स राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में 7 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ दिल्ली ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को भी जिंदा रखा है। दिल्ली के लिए रन चेज में सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका और केएल राहुल ने कमाल की बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाया। 

राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रनों का स्कोर बनाया था। 226 रनों के जवाब में दिल्ली ने 3 विकेट के नुकसान पर 19.1 ओवरों में हासिल कर लिया और मैच को 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ डीसी ने अंक तालिका में छठे स्थान पर जगह बना ली है। अक्षर पटेल की अगुवाई वाली टीम की ये सीजन की चौथी जीत है।

राजस्थान ने बनाए 225 रन

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। राजस्थान ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए और दिल्ली को 226 रन का लक्ष्य दिया। हालांकि, टीम को उम्मीद के मुताबिक शुरुआत नहीं मिली। युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी टीम को तेज शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे।

दोनों ही बल्लेबाज 15 रन के भीतर आउट होकर पवेलियन लौट गए। जायसवाल ने तीन गेंदों पर छह रन बनाए, जबकि वैभव दो गेंदों में चार रन बनाकर आउट हो गए। जयपुर में उनके पिछले प्रदर्शन पर नजर डालें तो पिछली छह पारियों में वह केवल दो बार ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए हैं, जिनमें उनके स्कोर 34, 101, 0, 40, 103 और 4 रन रहे हैं।

रियान-जुरेल की समझदारी भरी साझेदारी

शुरुआती झटकों के बाद रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 102 रन की अहम साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने समझदारी से खेलते हुए रन गति को भी बनाए रखा। इसके बाद रियान ने स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के साथ चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में 53 रन की एक और उपयोगी साझेदारी की। हालांकि, इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।

रियान पराग ने खेली बेहतरीन पारी

ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते हुए पकड़े जाने के बाद चर्चा में आए रियान पराग (90) ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार वापसी की। दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध उनका बल्ला जमकर चला। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए न केवल कप्तानी पारी खेली, बल्कि मुश्किल परिस्थिति में टीम को संभालने का काम भी किया। शुरुआती झटकों के बाद रियान ने संयम के साथ खेलते हुए पारी को आगे बढ़ाया और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

इस सीजन में अब तक उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, लेकिन दिल्ली के विरुद्ध उन्होंने 32 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। हालांकि, वह अपने अर्धशतक को शतक में तब्दील नहीं कर सके। रियान ने 50 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके और पांच छक्कों की मदद से 90 रन की बेहतरीन पारी खेली, जो इस सीजन में उनका पहला अर्धशतक भी रहा।

फरेरा ने तेजी से बटोरे रन

अंतिम ओवरों में डोनोवन फरेरा ने तेजी से रन बटोरते हुए टीम के स्कोर को मजबूत किया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए फरेरा ने 335.71 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए महज 14 गेंदों में दो चौके और छह छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। वह अपने अर्धशतक से सिर्फ तीन रन दूर रह गए, लेकिन उनकी इस तूफानी पारी ने टीम को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

केएल राहुल और पथुम निसंका का अर्धशतक

राजस्थान के 225 रनों के जवाब में दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और पथुम निसंका ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की। निसंका सीजन में अब संघर्ष करते हुए दिखाई दिए थे लेकिन इस मुकाबले में उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की। श्रीलंकाई खिलाड़ी ने 33 गेंदों पर 62 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। तो वहीं राहुल ने भी अर्धशतक लगाया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 40 गेंदों पर 75 रनों की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 6 चौके और 5 छक्के जड़े। नितीश राणा ने भी अच्छी पारी खेली और 17 गेंदों पर 33 रन बनाए।

दिल्ली कैपिटल्स ने जीता मुकाबला

राहुल को जोफ्रा आर्चर ने अपना शिकार बनाया और इसी के साथ राजस्थान में जीत की उम्मीदें भी आई थी। दिल्ली को आखिरी 4 ओवरों में जीत के लिए 42 रनों की जरूरत थी। क्रीज पर दिल्ली के लिए आशुतोष शर्मा और ट्रिस्टन स्टब्स के रूप में दो नए बल्लेबाज थे। दोनों ने सूझबूझ बल्लेबाजी की और टीम को जीत दिलाई। आशुतोष 15 गेंदों पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि स्टब्स ने नॉटआउट 18 रनों की पारी खेली। दिल्ली ने इसी के साथ अपने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया।