- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : महिला सम्मान के मुद्दे पर गरजा नागपुर: भाजपा महिला मोर्चा का ‘आक्रोश मोर्चा’, विपक्ष पर तीखा हमला

नागपुर समाचार : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु लाए गए ऐतिहासिक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण विधेयक) के समर्थन में तथा इसके विरोध करने वाली कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन के खिलाफ आज नागपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार ‘आक्रोश मोर्चा’ निकाला।

यह आंदोलन नागपुर शहर भाजपा अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के मार्गदर्शन में तथा शहर महिला मोर्चा अध्यक्ष दिव्या धुरडे और प्रदेश मंत्री अर्चना डेहनकर के नेतृत्व में कॉटन मार्केट स्थित सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा के समक्ष आयोजित किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न मंडलों से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुईं। कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर पूरे क्षेत्र को गूंजा दिया।

इस अवसर पर दिव्या धुरडे ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध कर विपक्ष ने अपनी महिला-विरोधी मानसिकता को उजागर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीए सरकार के समय भी महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान की अनदेखी की गई थी और आज भी कांग्रेस उसी सोच पर कायम है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी से घबराकर विपक्ष इस कानून के क्रियान्वयन में बाधाएं उत्पन्न कर रहा है।

भाजपा ने इस आंदोलन के माध्यम से स्पष्ट किया कि महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33% आरक्षण देकर उनके अधिकारों को मजबूत किया गया है और पार्टी नारी शक्ति के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

इस आंदोलन में उपमहापौर लीला हाथीबेड, वंदना कुशलानी, मोहिनी रामटेके, मनीषा अतकरे, स्वाती आखतकर, वंदना शर्मा, अनीता काशिकर, मानसी सिमले, ज्योति देवघरे, सरिता कावरे, प्रीति राजदेरकर, ममता प्रजापति, कल्पना शर्मा, पूजा पाठक, दुर्गेश्वरी कोसेकर, माया हाडे, श्वेता भोसले, वैशाली उदापकर, शिल्पा पोहाणे सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।