नागपुर समाचार : केंद्रीय मंत्री मा. नितिन गडकरी की प्रेरणा से पिछले चार वर्षों से नागपुर में आयोजित हो रही अंतरशालेय देशभक्ति समूह गान प्रतियोगिता को इस वर्ष राज्यस्तरीय स्वरूप दिया गया है। “राज्यस्तरीय खासदार चषक” के अंतर्गत इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसकी जानकारी बाल कला अकादमी की अध्यक्षा सौ. मधुरा सारंग गडकरी एवं स्त्री शिक्षण प्रसारक मंडल के अध्यक्ष श्री रवींद्र फडणवीस ने पत्रकार परिषद में दी।
यह प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित होगी—गट ‘अ’ (कक्षा 1 से 5) और गट ‘ब’ (कक्षा 6 से 10)। प्रत्येक समूह में 10 से 15 विद्यार्थियों की भागीदारी अनिवार्य होगी। प्रतिभागियों को दो देशभक्ति गीत प्रस्तुत करने होंगे, जो हिंदी या मराठी भाषा में होंगे तथा आयोजन समिति द्वारा निर्धारित गीतों में से ही चयन करना होगा।
प्रतियोगिता के लिए 500 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। नागपुर जिले के बाहर से आने वाले प्रतिभागियों को यात्रा भत्ता के साथ ही निवास एवं भोजन की व्यवस्था आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रारंभिक चरण से प्रत्येक वर्ग के 10 समूहों का चयन फाइनल के लिए किया जाएगा।
विजेता टीम को “खासदार चषक” प्रदान किया जाएगा तथा प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। कक्षा 1 से 5 के लिए 3 अगस्त और कक्षा 6 से 10 के लिए 4 अगस्त को प्रारंभिक प्रतियोगिता आयोजित होगी। अंतिम चरण एवं पुरस्कार वितरण 26 अगस्त को वसंतराव देशपांडे सभागृह में संपन्न होगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।




