- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : कांग्रेस को मजबूत करना ही लक्ष्य – अतुल कोटेचा

नागपुर समाचार : प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिले, इसी उद्देश्य को अपनाकर सक्रिय राजनीति में आए अतुल कोटेचा अब कांग्रेस को मजबूत करना चाहते हैं। मनपा में स्वीकृत नगरसेवक के रूप में उनकी नियुक्ति कांग्रेस की ओर से बुधवार को की गई। इस नियुक्ति के बाद अतुल कोटेचा ने अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए बताया कि युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष के रूप में उन्होंने लगातार छह वर्षों तक कार्य करते हुए समाजसेवा को प्राथमिकता दी। सामान्य लोगों के कार्य शीघ्र पूरे हों, इसके लिए उन्होंने कई आंदोलन भी किए।

उनके कार्यों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अतुल कोटेचा को सीधे व्यापारी सेल के अध्यक्ष के साथ प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब नागपुर में गरीब और जरूरतमंदों की सेवा करने के उद्देश्य से उन्हें स्वीकृत नगरसेवक पद पर नियुक्त किया गया है, जिससे जैन समाज में खुशी की लहर है। अपनी नियुक्ति के लिए अतुल कोटेचा ने विधायक विकास ठाकरे और प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी का आभार व्यक्त किया है।

विशेष रूप से लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मध्य नागपुर सहित अन्य क्षेत्रों में उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की गई है। संगठन की मजबूत नींव को देखते हुए उन्होंने कहा कि नागपुर में कांग्रेस को उसका पुराना गौरव दिलाने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।