एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट की सतत फॉलो-अप के लिए सराहना
नागपुर समाचार : एडवांटेज विदर्भ खासदार औद्योगिक महोत्सव में आज कुल चार समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें से एक महत्वपूर्ण MoU राज्य सरकार और महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के बीच हुआ, जिसके तहत नागपुर में ₹15,000 करोड़ का निवेश किया जाएगा।
यह निवेश अगले दस वर्षों में चरणबद्ध रूप से किया जाएगा और वर्ष 2028 से उत्पादन शुरू होने की संभावना है। इस परियोजना के अंतर्गत नागपुर में एक एकीकृत ऑटोमोबाइल इकाई स्थापित की जाएगी, जिसमें ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन तथा ट्रैक्टर निर्माण इकाइयाँ शामिल होंगी।
इस परियोजना के लिए नागपुर में लगभग 1,500 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, छत्रपति संभाजीनगर में 150 एकड़ क्षेत्र में एक सप्लायर पार्क विकसित किया जाएगा, जिसे अगले चरण में इगतपुरी में लगभग 300 एकड़ तक विस्तारित किया जाएगा। यह संपूर्ण परियोजना महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर सृजित करेगी।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के राजेश जेजुरीकर ने कहा कि महाराष्ट्र उद्योगों के लिए अत्यंत अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। राज्य सरकार और स्थानीय जनता दोनों ही उद्योग-अनुकूल तथा प्रगतिशील हैं। इस अवसर पर उन्होंने पूरे प्रक्रिया के दौरान सहयोग प्रदान करने के लिए एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट के अध्यक्ष आशीष काले की विशेष रूप से सराहना की।
उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुख्य वित्तीय सलाहकार कौस्तुभ धावसे, राज्य के उद्योग सचिव पी. अनबलगन तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट के अध्यक्ष आशीष काले के नेतृत्व में किए गए सतत फॉलो-अप की प्रशंसा की और विदर्भ क्षेत्र में इतने बड़े निवेश के आने पर संतोष व्यक्त किया।




