- Breaking News, PRESS CONFERENCE, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : ऑरेंज सिटी वॉटर वर्क्स की हिटलरशाही से 100 कर्मचारी बेरोजगार, 2 फरवरी से परिवार सहित अनिश्चितकालीन आंदोलन

नागपुर समाचार : नागपुर महानगरपालिका के अंतर्गत कार्यरत ऑरेंज सिटी वॉटर वर्क्स प्रशासन की मनमानी और तानाशाही नीतियों के चलते लगभग 100 मीटर रीडर कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। पिछले 10 से 15 वर्षों से सेवा दे रहे इन कर्मचारियों को दिनांक 1 जनवरी 2026 से अचानक नौकरी से निकाल दिया गया, जिससे उनके परिवारों पर भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन एवं श्रम कानून के अनुसार वेतन और सेवा शर्तें लागू करने की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में माननीय अपर श्रम आयुक्त कार्यालय में मामला दर्ज कराया था। अपर श्रम आयुक्त द्वारा कर्मचारियों के पक्ष में निर्णय दिए जाने के बाद ऑरेंज सिटी वॉटर वर्क्स के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया गया है।

इस मामले को लेकर महानगरपालिका आयुक्त श्री अभिजीत चौधरी ने जांच समिति गठित कर 25 प्रतिशत निधि कटौती के निर्देश दिए थे, लेकिन जलापूर्ति विभाग के कुछ अधिकारियों द्वारा गलत रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने से प्रशासन को बढ़ावा मिला और अंततः कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया।

इस अन्याय के विरोध में एवं न्याय की मांग को लेकर दिनांक 2 फरवरी 2026 से महानगरपालिका आयुक्त कार्यालय के समक्ष परिवार सहित अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन ऑरेंज सिटी वॉटर वर्क्स कांत्राटी कर्मचारी संघ एवं भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश यादव, महामंत्री श्री गजानन गटलेवार तथा जिला प्रमुख श्री हर्षल ठोंबरे के मार्गदर्शन में किया जाएगा।