- Breaking News, नागपुर समाचार

हिंगणा समाचार : जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग तेज, डिगडोह नगर परिषद में सौंपा गया ज्ञापन

हिंगणा समाचार : डिगडोह (देवी) नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। नगरसेवक सुरेश कालबांडे के नेतृत्व में नगर परिषद के उपाध्यक्ष एवं जलापूर्ति सभापति विनोद ठाकरे तथा मुख्याधिकारी रामेश्वर पंडागले को विभिन्न मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर निर्माणकार्य सभापति कैलास गिरी भी उपस्थित थे।

ज्ञापन में क्षेत्र के नागरिकों को आपूर्ति किए जा रहे पानी की गुणवत्ता पर चिंता व्यक्त की गई है। नागरिकों का कहना है कि कई स्थानों पर पीले रंग का पानी आ रहा है, जिससे पेयजल की शुद्धता को लेकर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। इसके साथ ही जनवरी 2025 में विधायक निधि से स्वीकृत दो करोड़ रुपये के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में नई जल टंकियों से नियमित जलापूर्ति शुरू करने, जंकवेल पर स्थापित 250 एचपी मोटर की मरम्मत कर उसे पुनः चालू करने, बंद पड़े हैंडपंपों को शुरू करने, वाटर एटीएम की मरम्मत कराने तथा सार्वजनिक कुओं पर सुरक्षा के लिए लोहे की जालियां लगाने जैसी मांगें शामिल हैं। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

ज्ञापन पर खुमराज रहांगडाले, भारत मेश्राम, विद्या देवगड़े, श्रीधर मसराम, उमेशसिंह राजपूत, विजय मेश्राम सहित अनेक नागरिकों और पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।

इस संबंध में नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि उपलब्ध निधि से एक पानी टंकी की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि दूसरी टंकी का काम शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। नई पाइपलाइन बिछाने के लिए आवश्यक विभागीय अनुमतियां प्राप्त होते ही कार्य पूर्ण किया जाएगा। प्रशासन का दावा है कि इस वर्ष डिगडोह नगर परिषद क्षेत्र में पानी की स्थिति अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा बेहतर रही है और अब तक टैंकर से जलापूर्ति की आवश्यकता नहीं पड़ी है।