नागपुर समाचार : नागपुर शहर में बढ़ते जलसंकट को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने नागपुर महानगरपालिका के बाहर मटका फोड़ आंदोलन किया। नेता प्रतिपक्ष संजय महाकलाकर की अगुवाई में हुए इस आंदोलन में कांग्रेस के नगरसेवक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। शहर के कई इलाकों में भीषण पानी किल्लत और अनियमित जलापूर्ति को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए मनपा प्रशासन पर जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
नागपुर में भीषण गर्मी के बीच गहराता जलसंकट अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। शहर के कई हिस्सों में नियमित पानी सप्लाई नहीं होने से नागरिकों में भारी नाराजगी है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रशासन पानी की समस्या को लेकर पूरी तरह असंवेदनशील बना हुआ है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले महापौर और मनपा आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल उपाययोजना की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिसके बाद कांग्रेस ने आंदोलन का रास्ता अपनाते हुए महानगरपालिका पर एल्गार किया।
आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मनपा परिसर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बढ़ते विरोध को देखते हुए किसी भी अनुचित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।




