नागपुर समाचार : सत्यनारायण नंदलाल नुवाल अत्यंत प्रतिष्ठित और दूरदर्शी उद्योगपति हैं जिन्हें देश के औद्योगिक विकास और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए उनके असाधारण योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वे औद्योगिक विस्फोटकों और उच्च ऊर्जा सामग्री के निर्माण और निर्यात क्षेत्र में दुनियाभर में अपनी धाक जमाने वाले ‘सोलर इंडस्ट्रीज ग्रुप’ के संस्थापक और अध्यक्ष हैं। नागपुर से शुरू हुआ उनका यह सफर आज वैश्विक पटल पर भारत का गौरव बढ़ा रहा है।
साधारण शुरुआत से वैश्विक साम्राज्य तक
नुवाल का जीवन संघर्ष और सफलता की एक अद्भुत मिसाल है। एक बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आने के बाद भी उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और दूरदृष्टि के बल पर ‘सोलर इंडस्ट्रीज’ को खड़ा किया। आज यह समूह भारत में औद्योगिक विस्फोटकों का सबसे बड़ा निर्माता है। कंपनी माइनिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन सेक्टर के लिए आवश्यक अत्याधुनिक विस्फोटक और डिटोनेटर बनाती है। सोलर ग्रुप का व्यवसाय आज केवल भारत तक सीमित नहीं है बल्कि दुनिया के ६५ से अधिक देशों में इसकी सामग्री निर्यात की जाती है, जो इसे एक ग्लोबल लीडर बनाती है।




