- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : नालों की सफाई के लिए मनपा और रेलवे प्रशासन का संयुक्त दौरा, बरसात में जलभराव रोकने के दिए निर्देश

नागपुर समाचार : बरसात के मौसम में शहर के निचले इलाकों और रेलवे परिसर में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए नागपुर मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनायक गर्ग और नागपुर महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपिन ने गुरुवार (21 मई) को संयुक्त निरीक्षण दौरा किया।

इस दौरान अधिकारियों ने शक्ति नाला तथा रेलवे पटरियों के नीचे से गुजरने वाले नालों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। साथ ही मध्य रेलवे कार्यालय, मुख्य रेलवे स्टेशन और नई बस्ती क्षेत्र के नालों की वर्तमान स्थिति का भी जायजा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान इन नालों के ओवरफ्लो होने से आसपास की बस्तियों में पानी भर जाता है, जिससे नागरिकों को काफी परेशानी होती है। वहीं रेलवे परिसर और स्टेशन क्षेत्र में जलभराव होने से यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए मनपा और रेलवे प्रशासन ने मिलकर कार्य करने का निर्णय लिया है।

रेलवे पटरियों के नीचे बहने वाले नालों की पूरी सफाई रेलवे प्रशासन द्वारा की जाएगी, जिसके लिए आवश्यक मशीनरी रेलवे उपलब्ध कराएगा। वहीं मनपा प्रशासन इस कार्य में पूर्ण सहयोग करेगा। इसके अलावा शक्ति नाला की सफाई जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश मनपा आयुक्त द्वारा दिए गए।

मोतीबाग, सदिच्छा कॉलोनी, संत्रा मार्केट और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों द्वारा नालों से हो रही समस्याओं की शिकायत के बाद यह संयुक्त दौरा आयोजित किया गया था।

इस अवसर पर स्थानीय नगरसेवक विवेक निकोसे, मनपा उपायुक्त राजेश भगत, कार्यकारी अभियंता सुनील उईके, घनकचरा प्रबंधन संचालक डॉ. गजेंद्र महल्ले सहित दोनों विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।