नागपुर समाचार : नागपुर महानगरपालिका के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा सरकारी कर्मचारियों के लिए ‘गवर्नमेंट प्राइड स्कीम’ (Government Pride Scheme for Government Employees) के अंतर्गत विशेष बीमा सुरक्षा योजना एवं विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस योजना के तहत वेतन खाताधारकों को उनकी वेतन श्रेणी के अनुसार 40 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ 25 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है।
इस संबंध में मनपा आयुक्त डॉ. विपीन के मार्गदर्शन में नागपुर महानगरपालिका और बैंक ऑफ महाराष्ट्र के बीच एक सामंजस्य करार (MoU) किया गया है। इसके अनुसार जिन अधिकारी एवं कर्मचारियों का वेतन खाता बैंक ऑफ महाराष्ट्र में है, उन्हें इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, दुर्घटना बीमा के अतिरिक्त अन्य बैंकिंग सुविधाएं और वित्तीय लाभ भी इस योजना में शामिल किए गए हैं।
महानगरपालिका प्रशासन ने जिन अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अभी तक इस योजना का लाभ नहीं लिया है, उनसे अपील की है कि वे जल्द से जल्द बैंक ऑफ महाराष्ट्र में अपना वेतन खाता खोलकर इस योजना का लाभ प्राप्त करें। यह अपील मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी श्री सदाशिव शेळके द्वारा की गई है।
इसके अलावा, नागपुर महानगरपालिका कर्मचारी सहकारी बैंक लिमिटेड, नागपुर में वेतन खाता रखने वाले कर्मचारियों को वर्तमान में 25 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर दिया जा रहा है। हालांकि, महानगरपालिका द्वारा इस सहकारी बैंक को भी बैंक ऑफ महाराष्ट्र की तर्ज पर कम से कम 40 लाख रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
महानगरपालिका के अधिकारी एवं कर्मचारियों के हित को ध्यान में रखते हुए यह योजना अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में यह योजना आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से अनुरोध है कि वे संबंधित बैंक से संपर्क कर अपने वेतन खाते पर इस बीमा योजना का लाभ सुनिश्चित करें।




