IPL समाचार : मिचेल मार्श की तूफानी पार के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से मात दी है। इसी के साथ सीएसके के लिए आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बनाना मुश्किल हो गया है। सीएसके को अगले दोनों मैचों में जीत हासिल करनी होगी और उसके बाद ही उन्हें प्लेऑफ का टिकट मिलेगा।
लखनऊ के लिए मार्श ने कमाल की बल्लेबाजी की और 90 रन बनाए। उन्होंने एलएसजी को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई और मैच को एकतरफा कर दिया। मार्श ने अपनी बल्लेबाजी की ताकत दिखाई और उन्होंने 7 गगनचुंबी छक्के जड़े। लखनऊ पहले ही प्लेऑफ से बाहर हो गई थी और उन्होंने अब चेन्नई के लिए भी राह मुश्किल कर दी है।

चेन्नई सुपर किंग्स ने बनाए 187 रन
चेन्नई सुपर किंग्स ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए निर्धारित ओवरों में पांच विकेट पर एलएसजी को 188 रनों का लक्ष्य दिया है। हालांकि, एक समय आकाश सिंह के खतरनाक स्पेल के सामने सीएसके 7.2 ओवर में महज 52 रन पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, लेकिन कार्तिक शर्मा (71) के नाबाद अर्धशतक और आखिरी ओवरों में शिवम दुबे (32) की तूफानी पारी की बदौलत मेहमान टीम चुनौतीपूर्ण लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रही।
आकाश ने दिलाई शुरुआती सफलता
सीजन में पहला मुकाबला खेल रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने अपने पहले स्पेल में ही कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (13), धाकड़ बल्लेबाज संजू सैमसन (20) और उर्विन पटेल (06) को पवेलियन भेजकर चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मुश्किल खड़ी कर दी थी, लेकिन कार्तिक शर्मा ने डेवाल्ड ब्रेविस (25) के साथ चौथे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। ब्रेविस एक बार फिर क्रीज पर जमने के बाद बड़ी पारी नहीं खेल पाए। हालांकि, दूसरे छोर पर कार्तिक की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रही।
इसी बीच कार्तिक ने 35 गेंदों पर तीन चौके व चार छक्कों की मदद से सीजन का दूसरा अर्धशतक जड़ा। इसके पहले दाएं हाथ के बल्लेबाज ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पचासा जड़ा था। उन्हें 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर स्पिनर शाहबाज ने मार्करम के हाथों कैच कराया, लेकिन आउट होने से पहले कार्तिक अपना काम कर गए। जब कार्तिक का विकेट गिरा तो चेन्नई का स्कोर 16 ओवर में 142 रन था। शिवम दुबे ने प्रशांत वीर (नाबाद 13) के साथ आखिरी चार ओवर में 45 रन जोड़कर टीम का स्कोर 187 रनों तक पहुंचाया।
देर से मिले मौके को आकाश ने भुनाया
इसके पहले एलएसजी ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। मोहम्मद शमी के साथ दूसरे छोर पर गेंदबाजी की जिम्मेदारी राजस्थान के युवा खिलाड़ी आकाश सिंह को मिली। आकाश को सीजन में पदार्पण के लिए 12 मैचों तक इंतजार करना पड़ा। देर से ही सही, लेकिन अवसर मिलने पर राजस्थान के इस बाएं हाथ के गेंदबाज ने भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से टीम प्रबंधन को यह संदेश दिया कि उन्हें पहले मौका मिला होता तो टीम की जीत में और योगदान दे सकते थे।
आकाश सिंह ने आईपीएल में 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने सिर्फ एक मैच खेला और 40 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इसके बाद वर्ष 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें चोटिल खिलाड़ी की जगह टीम में शामिल किया। उन्होंने छह मैचों में 9.89 की इकानमी रेट से पांच विकेट अपने नाम किए। 2025 सीजन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें एक बार फिर उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा। उन्होंने तीन मैचों में एलएसजी के लिए चार विकेट लिए, जिसमें 30 रन देकर दो विकेट शामिल है।
हर विकेट के बाद पर्ची दिखाकर खास अंदाज में जश्न
आकाश सिंह ने ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन और उर्विन पटेल जैसे दिग्गजों को पवेलियन भेजकर लखनऊ को मैच में बढ़त दिलाई। उन्होंने प्रत्येक सफलता पर पर्ची दिखाकर खास अंदाज में जश्न मनाया, जिसमें यह लिखा था कि “अक्की ऑन फायर, आकाश जानता है कि टी-20 मैच में विकेट कैसे लिए जाते हैं। उनका यह अंदाज दर्शकों को भी खूब भाया।
मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की शतकीय साझेदारी
चेन्नई के 188 रनों के जवाब में लखनऊ ने शानदार अंदाज में शुरुआत की। मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की जोड़ी ने कमाल दिखाते हुए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पावरप्ले में ही 91 रन जड़ दिए। मिचेल मार्श मैच में अलग मूड में नजर आए और उन्होंने अंशुल कंबोज के एक ओवर में लगातार चार छक्के जड़ दिए। उन्होंने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 21 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया।
इंग्लिस और मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी हुई। इसी के साथ इस जोड़ी ने इतिहास रच दिया है। मार्श ने 38 गेंदों पर 90 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
लखनऊ के लिए सबसे बड़ी साझेदारियां (किसी भी विकेट के लिए)
- 210* – क्विंटन डी कॉक, केएल राहुल बनाम केकेआर, 2022
- 152 – मिचेल मार्श, ऋषभ पंत बनाम आरसीबी, 2025
- 135 – मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस बनाम सीएसके, 2026
- 134 – क्विंटन डी कॉक, केएल राहुल बनाम सीएसके, 2024
- 121 – मिशेल मार्श, निकोलस पूरन बनाम जीटी, 2025
लखनऊ ने जीता मुकाबला
इंग्लिस के रूप में लखनऊ को पहला झटका लगा था, जो 36 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मार्श भी एक शानदार रन आउट का शिकार बने। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अब्दुल समद 7 रन बनाकर आउट हुए। लखनऊ ने लगातार तीन विकेट गंवाए और चेन्नई के गेंदबाजों ने मुकाबले में रोमांच लाने की कोशिश की। हालांकि, निकोलस पूरन के नाबाद 32 रनों की बदौलत एलएसजी ने 7 विकेट से जीत हासिल की।




