नागपुर समाचार : भारत और न्यूजीलैंड के बीच विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) के जामठा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहला टी-20 मुकाबला 21 जनवरी को खेला जाएगा. इस मैच के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री शनिवार सुबह 10 बजे शुरु हुई और महज दो घंटे में सभी टिकट बिक गए. ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ मोबाइल ऐप और ‘डिस्ट्रिक्ट डॉट इन’ आधिकारिक वेबसाइट पर एक व्यक्ति को केवल दो टिकट बुक करने की अनुमति थी.
कई लोगों ने सुबह से ही वेबसाइट खोलकर रखी थी. ठीक 10 बजे जैसे ही साइट खुली, 60 हजार से अधिक लोग वेटिंग में थे. लेकिन दो घंटे के भीतर सभी श्रेणियों के टिकट हाउसफुल हो जाने की जानकारी मिलते ही कई लोग निराश हो गए.
टिकटों की कीमतें 650, 750, 2000, 2500, 4000, 4500, 6000 और 7000 रुपए थीं. वीसीए जामठा स्टेडियम में दर्शकों के बैठने की कुल क्षमता 44,500 है, जिसमें से करीब 33 हजार टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध होते हैं.
लगभग एक साल बाद मैच होने के कारण बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी में मैच को मैदान पर देखने की उत्सुकता थी. लेकिन टिकट खत्म हो जाने से अब उनके पास टीवी पर मैच देखने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है. इस संदर्भ में जब वीसीए सचिव संजय बड़कस से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि चूंकि टिकटों की बिक्री ऑनलाइन होती है, इसलिए इसमें वीसीए प्रशासन की कोई भूमिका नहीं होती.




