नागपुर समाचार : आगामी मानसून में अतिवृष्टि, बाढ़ तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में जन-धन की हानि रोकने हेतु जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ आरंभ कर दी हैं। इसी क्रम में आज, 12 जून को फुटाला तालाब पर एक संयुक्त मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल के माध्यम से विभिन्न आपातकालीन एजेंसियों की तत्परता, आपसी समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नागपुर के समन्वय से आयोजित इस मॉकड्रिल में पुलिस विभाग, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड, आपदा मित्र तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने भाग लिया।

इस अभ्यास के द्वारा यह परखा गया कि आपदा के समय सभी विभाग एकजुट होकर एवं समन्वय से कार्य करें तो बचाव कार्य अधिक तीव्र एवं प्रभावी हो सकता है। मॉकड्रिल के दौरान तालाब में डूब रहे व्यक्तियों को बचाना, नौका द्वारा खोज एवं बचाव अभियान, जीवनरक्षक उपकरणों का प्रयोग, घटनास्थल पर घायलों को प्राथमिक उपचार देना तथा बड़ी संख्या में नागरिकों का सुरक्षित स्थानांतरण जैसे दृश्यों का वास्तविक प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त आपातकालीन संचार व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली, विभिन्न एजेंसियों के मध्य सूचना का आदान-प्रदान एवं समन्वय प्रक्रिया की भी जाँच की गई।
जिले में मानसून के दौरान कई स्थानों पर जलभराव, नालों व नदियों के जलस्तर में वृद्धि तथा जल संकट की घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पूर्व तैयारी पर विशेष बल दिया है। आपदा घटित होने के पश्चात प्रतिक्रिया देने की अपेक्षा आपदा-पूर्व योजना एवं तैयारी अधिक महत्वपूर्ण है, इसलिए ऐसी मॉकड्रिल के माध्यम से एजेंसियों की क्षमताओं में रही कमियों को पहचानकर उनमें आवश्यक सुधार किया जाता है।
इस संयुक्त मॉकड्रिल से विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय और सुदृढ़ होगा। वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित, प्रभावी और संगठित प्रतिक्रिया देने हेतु आवश्यक तैयारी और मजबूत होगी। नागरिकों की सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन तंत्र की कार्यक्षमता के लिए यह आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा, ऐसा विश्वास प्रशासन ने व्यक्त किया है।
मॉकड्रिल के अवसर पर तहसीलदार (शहर) संतोष खांडरे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अंकुश गावंडे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, महानगरपालिका तुषार बाराहाते, अग्निशमन अधिकारी दिलीप चव्हाण, मिहान एवं एनएमआरडीए के मुख्य अग्निशमन अधिकारी गणेश खरतमल, एनडीआरएफ के पुलिस निरीक्षक श्री मिश्रा एवं श्री यादव, एसडीआरएफ के पुलिस निरीक्षक श्री चौधरी आदि उपस्थित रहे।




