- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : गोरक्षण सभा की नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित, सारंग गडकरी बने अध्यक्ष

नागपुर समाचार : गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में कार्यरत शहर की प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक संस्था गोरक्षण सभा की पंचवर्षीय चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो गई है। चुनाव में सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी अधिवक्ता गिरीश खोरगड़े तथा सह चुनाव अधिकारी अधिवक्ता चन्ने ने किया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में उद्योजक सारंग गडकरी को अध्यक्ष चुना गया है। इसके अलावा प्रकाश दीक्षित उपाध्यक्ष, प्रसन्न पातूरकर सचिव, पुष्कर बुटी सह सचिव, हर्षल आर्विकर कोषाध्यक्ष तथा आशुतोष गोटे कार्यालय मंत्री निर्वाचित हुए हैं। वहीं सीए शिरीष भगत, दिलीप मसे, निरंजन रिसालदार, राम मुंजे और ममता चिंचवड़कर कार्यकारिणी सदस्य चुने गए हैं।

वर्ष 1888 में स्थापित गोरक्षण सभा नागपुर की सबसे पुरानी गौसेवा संस्थाओं में से एक है। संस्था के अंतर्गत धंतोली स्थित गोपालकृष्ण मंदिर के साथ ही वर्धा रोड तथा उमरेड रोड स्थित पेंढरी गांव में गोशाला और कृषि परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। वर्तमान में संस्था लगभग दो हजार गौवंशों के संरक्षण, संवर्धन और पालन-पोषण का कार्य कर रही है।

संस्था द्वारा कसाइयों के चंगुल से मुक्त कराए गए गोवंश, महानगरपालिका द्वारा पकड़े गए आवारा पशुओं तथा दुर्घटनाओं में घायल गौवंश को आश्रय, उपचार और संरक्षण प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही भारतीय गायों की विभिन्न नस्लों के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में गोसेवकों के प्रशिक्षण हेतु आधुनिक भवन, अत्याधुनिक गोशाला, गो-प्रदक्षिणा पथ तथा गो चिकित्सालय विकसित करने की योजना है। संस्था के माध्यम से प्रतिवर्ष होलिका दहन, श्रीराम नवमी, जन्माष्टमी, गोपाष्टमी, गो-पूजन तथा तुलसी विवाह जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिन्हें श्रद्धालुओं का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद प्राप्त होता है।