- Breaking News, नागपुर समाचार, सम्मानित

नागपुर समाचार : एनएफएससी में हुई २९वें बैच की चौथी दीक्षांत परेड, फायर इंजीनियरिंग राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता

नागपुर समाचार : अग्नि अभियांत्रिकी केवल एक करियर नहीं बल्कि जनसुरक्षा, आपदा प्रतिरोधक क्षमता और राष्ट्र सेवा के प्रति एक महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता है। यह विचार लक्ष्मीनारायण इनोवेशन टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. अतुल वैद्य ने राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा महाविद्यालय (एनएफएससी) में आयोजित बी.टेक. फायर इंजीनियरिंग के २९वें बैच की चौथी दीक्षांत परेड को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

समारोह ने ६४ विद्यार्थियों जिनमें ३ छात्राएं भी शामिल हैं। ४ वर्षों के कठोर शैक्षणिक, शारीरिक और व्यावसायिक प्रशिक्षण की सफल पूर्णता को चिह्नित किया। अब ये विद्यार्थी अग्नि अभियांत्रिकी, औद्योगिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्र की सेवा के लिए तैयार हैं। मुख्य अतिथि डॉ. अतुल वैद्य थे। निदेशक डॉ. एआर सोनटक्के भी मौजूद थे। परेड का नेतृत्व सत्यम पाठक ने किया जिनके दल ने मार्च पास्ट के दौरान अनुशासन, समन्वय और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।

पर्यावरण की सुरक्षा के लिए समर्पित

डॉ. वैद्य ने कहा कि अग्नि अभियांत्रिकी एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सेवा है जो मानव जीवन, उद्योगों, महत्वपूर्ण अवसंरचना और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए समर्पित है। इस अवसर पर स्नातक विद्यार्थियों ने व्यावसायिक ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पित सेवा की शपथ ली। समारोह का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। अंत में एनएफएससी के उपनिदेशक ज्ञान सिंह ने आभार प्रदर्शन किया।