IPL समाचार : आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स ने रिकॉर्ड टोटल बना दिया है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम ने बोर्ड पर 9 विकेट खोकर 243 रन लगा दिए हैं। राजस्थान के लिए उनके 15 साल के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंद पर 97 रन की पारी खेली। वहीं 21 गेंद पर 50 रन ध्रुव जुरेल ने भी बनाए।
राजस्थान के बल्लेबाजों का कमाल
राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों ने इस मैच में शुरू से ही कमाल का प्रदर्शन किया। खासकर वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही ओवर से सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए यशस्वी जायसवाल (29) के साथ 8 ओवर में 125 रन जोड़ दिए। इस मैच में कई रिकॉर्ड तोड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में क्रिस गेल के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए।
वैभव सूर्यवंशी का तूफान
राजस्थान रॉयल्स को इस विशाल स्कोर तक पहुंचाने में सबसे बड़ा योगदान वैभव सूर्यवंशी का रहा। उन्होंने मैदान के चारों तरफ चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए महज 29 गेंदों में 97 रनों की हैरतअंगेज पारी खेली। 334.48 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए वैभव ने अपनी पारी में 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के जड़े। हालांकि, वह प्रफुल हिंगे की गेंद पर स्मरण रविचंद्रन को कैच दे बैठे और मात्र 3 रन से अपने ऐतिहासिक शतक से चूक गए। दूसरे छोर पर उनके जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल संघर्ष करते दिखे और 29 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए।
ध्रुव जुरेल का अर्धशतक
वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने मोर्चे को संभाला और हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। जुरेल ने सिर्फ 21 गेंदों पर 238.10 के स्ट्राइक रेट से 50 रनों की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान रियान पराग ने भी 12 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 26 रनों का उपयोगी योगदान दिया। इसके बाद मिडिल ऑर्डर के सस्ते में सिमटने के कारण राजस्थान की रन गति पर थोड़ा ब्रेक जरूर लगा लेकिन टीम तब तक बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी। चोट के बाद वापसी कर रहे रविंद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
हैदराबाद की गेंदबाजी ध्वस्त
सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों के लिए आज का दिन किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ। कप्तान पैट कमिंस बेहद महंगे रहे और उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में बिना कोई विकेट लिए 64 रन लुटा दिए। साकिब हुसैन ने भी 4 ओवर में 52 रन दिए। हालांकि, हैदराबाद के लिए प्रफुल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 54 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नितीश कुमार रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।




