IPL समाचार : IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सुर्यवंशी ने ऐसा विस्फोटक खेल दिखाया कि क्रिकेट जगत दंग रह गया। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जा रहे मुकाबले में सूर्यवंशी ने छक्कों की ऐसी बरसात की क्रिस गेल का 14 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया।
IPL इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने
मुल्लांपुर के महाराजा यादवीन्द्रा सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में सूर्यवंशी ने इस सीजन अपना 61वां छक्का जड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे।
230 की स्ट्राइक रेट से पूरे किए 600 रन
सूर्यवंशी ने केवल छक्कों से ही नहीं, बल्कि अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से भी मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने पैट कमिंस की गेंद पर शानदार चौका लगाकर इस सीजन 600 रन भी पूरे कर लिए। सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने यह कारनामा करीब 230 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से किया, जो इस सीजन के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में उनकी पहचान बना रहा है।
राजस्थान को मिली तूफानी शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने शुरुआती ओवरों में ही आक्रामक तेवर दिखाए। चार ओवर के भीतर टीम ने बिना विकेट गंवाए 64 रन बना लिए थे। उस समय क्रीज पर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल मौजूद थे।
हारने वाली टीम होगी टूर्नामेंट से बाहर
यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो की स्थिति वाला है। मैच हारने वाली टीम का IPL 2026 का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। वहीं जीतने वाली टीम 29 मई को गुजरात टायटन के खिलाफ क्वालिफायर-2 मुकाबला खेलेगी।
सोशल मीडिया पर छाए सूर्यवंशी
रिकॉर्ड टूटते ही सोशल मीडिया पर वैभव सूर्यवंशी ट्रेंड करने लगे। क्रिकेट फैंस ने उनकी पारी को ‘नेक्स्ट लेवल पावर हिटिंग’ करार दिया।
कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी उनकी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में इस तरह का निडर खेल बेहद खास है।



