नागपुर समाचार : महाराष्ट्र की राजनीति में बयानों के तीर एक बार फिर तेज हो गए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शिर्डी दौरे को लेकर उन पर जोरदार हमला बोला है। पटोले ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का यह पूरा दौरा जनहित के लिए नहीं, बल्कि केवल सोशल मीडिया पर ‘रील’ बनाने और अपनी छवि चमकाने के लिए था।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता से ईंधन बचाने की अपील करते हैं, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री फडणवीस मुंबई से शिर्डी तक ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ से यात्रा करके केवल पब्लिसिटी बटोर रहे हैं। पटोले ने याद दिलाया कि कुछ दिनों पहले मंत्रालय से विधानभवन तक किया गया उनका मोटरसाइकिल सफर भी सिर्फ एक दिखावा था।
नाना पटोले ने मुख्यमंत्री के इस दौरे के पीछे के गणित को उजागर करते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिर्डी तक तो ट्रेन से गए ताकि जनता में उनकी अच्छी छवि बने, लेकिन इसके आगे नागपुर तक का सफर वे सड़क मार्ग से तय करने वाले हैं। इस सड़क यात्रा के दौरान हर जिले की सुरक्षा गाड़ियां उनके काफिले में शामिल होंगी, जिससे भारी मात्रा में डीजल खर्च होगा।
पटोले ने सरकार को घेरते हुए मांग की है कि मुख्यमंत्री जनता को इस बात का हिशोब दें कि इस दौरे से वाकई कितनी ईंधन की बचत हुई और कितना सरकारी पैसा बर्बाद हुआ। उन्होंने नसीहत दी कि सरकार को केवल दिखावे की राजनीति बंद कर वास्तव में बचत और जनहित के फैसले लेने चाहिए।




