- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : अय्यर के पहले IPL शतक से पंजाब किंग्स (PBKS) जीता, प्लेऑफ की उम्मीदें कायम, लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) 7 विकेट से हारया, प्रभसिमरन का अर्धशतक, चहल-यानसन को 2-2 विकेट

IPL समाचार : श्रेयस अय्यर के शतक के दम पर पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत हासिल की है। पंजाब को लगातार 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था और सातवें मैच में जीत हासिल की है। इसी के साथ उन्होंने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। हालांकि, पंजाब की किस्मत का फैसला राजस्थान करेगी।

लखनऊ ने मुकाबले में जोश इंग्लिस के शानदार अर्धशतक के दम पर 196 रन बनाए थे। इसके जवाब में पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही थी और 22 रनों पर दो विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, इसके बाद अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने मोर्चा संभाला और दोनों के बीच 140 रनों की साझेदारी हुई। पंजाब ने मुकाबले में 7 विकेट से जीत हासिल की।

जोश इंग्लिस ने खेली कमाल की पारी

जोश इंग्लिस (72) के शानदार अर्धशतक और आयुष बडोनी (43) की आतिशी पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंजाब किंग्स को 197 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया था। एलएसजी ने खराब शुरुआत के बाद संभलते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 196 रन बनाए। आखिरी ओवरों में अब्दुल समद ने नाबाद 37 रनों की तेज पारी खेलकर टीम का स्कोर 190 के पार पहुंचाया।

ऋषभ पंत फिर फेल

इकाना स्टेडियम में शनिवार को इसके पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। उमरजाई और यानसेन ने लखनऊ को शुरुआती झटके देकर अय्यर के निर्णय को सही साबित करने का प्रयास भी किया। एलएसजी ने 20 रन के कुल स्कोर पर आर्शिन कुलकर्णी (00) और निकोलस पूरन (02) का महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिया, लेकिन इसके बाद आयुष बडोनी ने सिर्फ 18 गेंदों पर आतिशी पारी खेलकर लखनऊ को न सिर्फ मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला, बल्कि इंग्लिस के साथ तीसरे विकेट के लिए अहम 49 रनों की साझेदारी भी की।

बडोनी बहुत अच्छी लय में थे, पर सातवें ओवर की चौथी गेंद पर चहल ने उन्हें प्रभसिमरन के हाथों कैच आउट करा पंजाब को बड़ी सफलता दिलाई। वहीं, आखिरी मैच में भी कप्तान ऋषभ पंत (26) का बल्ला खामोश रहा, लेकिन एक छोर पर इंग्लिस जमे रहे। इसी बीच, उन्होंने 28 गेंदों पर सीजन का तीसरा अर्धशतक भी पूरा किया। इंग्लिस ने अपनी उम्दा पारी में नौ चौके व दो छक्के लगाए।

अर्शदीप ने लुटाए खूब रन

इंग्लिस के आउट होने के बाद अब्दुल समद (नाबाद 37) ने न सिर्फ पारी संभाला, बल्कि लखनऊ को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका भी निभाई। समद ने पारी के आखिरी ओवर में अर्शदीप सिंह की छह गेंदों पर एक छक्का और दो चौके समेत कुल 17 रन जुटाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके व तीन छक्के लगाए, जिसकी बदौलत एलएसजी की टीम निर्धारित ओवर में 196 रन बनाने में सफल रही।

अर्शदीप सिंह एक बार फिर पंजाब की ओर से सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने तीन ओवर में 52 रन लुटाए और एक भी सफलता नहीं मिली। मार्को यानसेन और यजुवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट हासिल किए और पंजाब की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे।

पंजाब किंग्स की खराब शुरुआत

लखनऊ के खिलाफ पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने प्रियांश आर्या के रूप में पहली ही गेंद पर विकेट गंवा दिया। मोहम्मद शमी ने उन्हें मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद अपने अगले ओवर में शमी ने पंजाब को एक और झटका दिया। उन्होंने कूपर कोनोली (18) को अपना शिकार बनाया और पंजाब को दो शुरुआती झटके दे दिए।

श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने संभाला मोर्चा

पंजाब ने 22 रनों पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 76 गेंदों पर 140 रनों की साझेदारी की और पंजाब की मुकाबले में वापसी कराई। प्रभसिमरन ने 39 गेंदों पर 69 रन बनाए। अर्जुन तेंदुलकर ने इस साझेदारी को तोड़ा और एक शानदार यॉर्कर से उनकी पारी को समाप्त किया।

पंजाब किंग्स ने जीता मुकाबला

197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब ने 18 ओवरों में हासिल कर लिया। अय्यर ने मैच में कप्तानी पारी खेली। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाया और 51 गेंदों पर नाबाद 101 रनों की पारी खेली। पंजाब ने इस जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। हालांकि, उनको उम्मीद करनी होगी कि राजस्थान मुकाबला हार जाए। आरआर को अपना अगला मैच रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है।