- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : नागपुर विश्वविद्यालय पर भाजयुमो का धड़क मोर्चा; छात्रों की लंबित मांगों को लेकर कुलगुरु को सौंपा ज्ञापन

नागपुर समाचार : राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को दूर कर छात्रों की लंबित मांगों का तत्काल समाधान करने की मांग को लेकर आज भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार मोर्चा निकाला गया।

भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के मार्गदर्शन में, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन करारे के नेतृत्व में यह आंदोलन किया गया। इस दौरान भाजपा महामंत्री श्रीकांत आगलावे, रितेश गावंडे एवं सिनेट सदस्य विष्णु चांगदे भी उपस्थित रहे। ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा विश्वविद्यालय परिसर गूंज उठा।

आंदोलनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के ढिसाले कामकाज के विरोध में जमकर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाया गया, जिसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं को अंबाझरी पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

इसके पश्चात युवा मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने कुलगुरु से मुलाकात कर 20 बिंदुओं वाला विस्तृत ज्ञापन सौंपा। कुलगुरु महोदया ने स्वयं ज्ञापन स्वीकार कर प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की।

भाजयुमो ने स्पष्ट रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि 48 घंटों के भीतर छात्रों की सभी समस्याओं का समाधान किया जाए, अन्यथा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय के 100 वर्ष पूर्ण होने के बावजूद चार जिलों के हजारों छात्रों को मानसिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं…

  • भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर कूलर व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था
  • परीक्षा समय सारिणी एक माह पूर्व घोषित हो तथा हॉल टिकट 15 दिन पहले उपलब्ध कराए जाएं
  • ऑनलाइन परिणाम व मार्कशीट में अंतर समाप्त कर प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए
  • ‘विथहेल्ड’ परिणाम वाले छात्रों को तुरंत सत्यापन सुविधा दी जाए
  • तकनीकी त्रुटियों (रोल नंबर/नाम गड़बड़ी) का तत्काल समाधान
  • सभी जिलों के छात्रों के लिए हेल्प डेस्क व हेल्पलाइन की व्यवस्था
  • पुनर्मूल्यांकन परिणाम समय पर घोषित किए जाएं व शुल्क वापसी की जाए
  • आंतरिक अंकों की गड़बड़ी की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए
  • कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार हेतु प्रशिक्षण
  • एक ही दिन दो परीक्षाएं न रखी जाएं
  • मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए सख्त नियम
  • पीएचडी छात्रों को फेलोशिप प्रक्रिया में समय सीमा में राहत
  • पर्यवेक्षकों व परीक्षक मानधन में वृद्धि
  • CHB प्राध्यापकों की नियुक्ति समय से हो

इसके अलावा स्वायत्त विभागों के परिणाम समय पर घोषित करने, CAP प्रणाली से प्रवेश प्रक्रिया लागू करने, छात्राओं के लिए स्वच्छ शौचालय व पेयजल व्यवस्था सुधारने, संविदा प्राध्यापकों को बीमा सुविधा देने तथा विश्वविद्यालय प्रशासन को अधिकतम कार्य ऑनलाइन करने की भी मांग की गई।

युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन करारे ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तीव्र किया जाएगा।

कुलगुरु महोदया ने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

इस दौरान रितेश पांडे, ऋषभ अरखेल, नागेश साठवणे, प्रशंसा भोयर, शांतनु झाड़े सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।