नागपुर समाचार : शहर के मोमिनपुरा क्षेत्र में कार्यरत महिला सफाई कर्मियों के साथ कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किए जाने की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में आज भाजयुमो के पदाधिकारियों ने नागपुर महानगरपालिका की महापौर महोदया को ज्ञापन सौंपा। भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के निर्देशानुसार, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन करारे और युवती प्रमुख प्रशंसा भोयर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मुलाकात की।
ज्ञापन में कहा गया है कि जो महिला सफाई कर्मी अपने स्वास्थ्य की परवाह किए बिना, धूप-बारिश और ठंड में लगातार काम कर शहर को स्वच्छ रखने का कार्य करती हैं, उनके साथ इस प्रकार की घटनाएं बेहद दुखद और असहनीय हैं। इस तरह की निंदनीय घटनाओं से महिला कर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भाजयुमो ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभाग को सख्त निर्देश दिए जाएं।
इस गंभीर मुद्दे पर महापौर ने त्वरित संज्ञान लेते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और महिला कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर महामंत्री रितेश पांडे, ऋषभ अरखेल, विद्यार्थी आघाड़ी प्रमुख शांतनु झाड़े, योगिता बुरडे, प्रतीक्षा घारडे, कल्याणी कुबड़े, रश्मि श्रीवास, श्रद्धा धवले, मोना पराते, आशीष तिवारी, आर्यन टाकभौरे सहित भारतीय जनता युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।




