- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : झंकार महिला मंडल, नागपुर, द्वारा जनसेवा हेतु सार्वजनिक शीतल पेयजल कूलर सेवा का शुभारंभ

नागपूर समाचार : झंकार महिला मंडल, नागपुर द्वारा जनहित एवं सामाजिक सेवा के अंतर्गत डब्ल्यूसीएल इंदोरा कॉम्प्लेक्स परिसर में सार्वजनिक शीतल पेयजल कूलर सेवा का शुभारंभ किया गया। इस सेवा का उद्घाटन झंकार महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती रीना पांडे के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर झंकार महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती श्रुति परांजपे एवं श्रीमती सोनाली म्हेत्रे तथा सदस्याएँ श्रीमती वीना नायर, श्रीमती निधि सिंह, श्रीमती पुष्पा पांडे, श्रीमती ज्योति रेवतकर, श्रीमती रश्मि सिन्हा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए झंकार महिला मंडल द्वारा जरूरतमंद महिलाओं, पुरुषों, बालिकाओं एवं वृद्ध महिलाओं को राहत प्रदान करने हेतु विभिन्न उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 महिलाओं, पुरुषों, बालिकाओं एवं वृद्ध महिलाओं को छाता, गमछा, मिट्टी की पानी की बोतल, ओआरएस पैकेट आदि वितरित किए गए। साथ ही सभी को चना-गुड़, फल, गन्ने का रस, आम का जूस आदि भी वितरित किया गया। इस अवसर पर लाभान्वित महिलाओं, पुरुषों, बालिकाओं एवं वृद्ध महिलाओं ने झंकार महिला मंडल की अध्यक्ष एवं सभी सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सराहनीय पहल के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

झंकार महिला मंडल द्वारा वर्ष भर कई सामाजिक सरोकार के कार्य किए जाते है। उनका प्रयास वृद्धों, महिलाओं और बच्चों की मदद करने से लेकर समाज के वंचित वर्गों को आवश्यक वस्तुएं प्रदान करने तक विस्तारित है। उनके अनवरत कार्यों में विशेष तौर पर सक्षम बच्चों का संगीत बैंड बनाना तथा उनका प्रशिक्षण, बालिका छात्रावास में वाटर प्यूरिफायर, दिव्यांग छात्र-छात्राओं के छात्रावास के लिए प्रिंटर/स्कैनर प्रदान करना, छात्राओं के लिए यूनीफॉर्म, भोजन की व्यवस्था, पुस्तकें, लेखन सामग्री आदि के वितरण जैसी गतिविधियां शामिल हैं। झंकार महिला मंडल न केवल लाभार्थियों की सहायता करता है, बल्कि समाज में अपने अच्छे कार्यों से विश्वास और सामंजस्य के व्यापक वातावरण का निर्माण भी करता है।