नागपुर समाचार : नागपुर के सांसद तथा केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे ‘खासदार क्रीड़ा महोत्सव २०२६’ के मुख्य कार्यालय का उद्घाटन सीताबर्डी स्थित ग्लोकल मॉल में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
नागपुर की महापौर नीता ठाकरे के हस्ते कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मनपा के सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, क्रीड़ा सभापति दर्शनी धवड़, जलप्रदाय समिति सभापति दिव्या धुरड़े, सुधीर दिवे, पूर्व क्रीड़ा सभापति नागेश सहारे, क्रीड़ा अधिकारी पीयूष आंबुलकर, डॉ. विवेक अवसरे, डॉ. संभाजी भोसले सहित खासदार क्रीड़ा महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी नागरिक उपस्थित थे।
उद्घाटन अवसर पर महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी की दूरदृष्टि के कारण नागपुर में खेल संस्कृति लगातार मजबूत हो रही है। ‘खासदार क्रीड़ा महोत्सव’ केवल प्रतियोगिताओं का मंच नहीं, बल्कि शहर के युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनकी प्रतिभा को अवसर प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण उपक्रम है। ऐसे आयोजनों से नागपुर की खेल पहचान और अधिक व्यापक हो रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित मान्यवरों ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से नागपुर के युवाओं को एक बड़ा मंच उपलब्ध हो रहा है। शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करना तथा विभिन्न खेलों को नई दिशा देना ही इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक मनपा के क्रीड़ा अधिकारी पीयूष आंबुलकर ने प्रस्तुत किया। ‘खासदार क्रीड़ा महोत्सव २०२६’ के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नागपुर शहर के बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग लेंगे। उद्घाटन के पश्चात कार्यालय से महोत्सव की योजना एवं पंजीयन प्रक्रिया की आधिकारिक शुरुआत भी की गई।




