- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : राजस्थान रॉयल्स (RC) की लगातार तीसरी हार, दिल्ली कैपिटल (DC) 5 विकेट से जीती, केएल राहुल-अभिषेक के अर्धशतक, राजस्थान के लिए प्लेऑफ की राह हुई कठिन

IPL समाचार : जो काम मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस के साथ किया, वही काम दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को राजस्थान रॉयल्स के साथ किया। दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हराकर उसकी प्लेऑफ की राह मुश्किल करने के साथ ही अंतिम चार में पहुंचने की अपनी धुंधली उम्मीदों को भी जीवित रखा।

राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपटिल्स के सामने 194 रन का लक्ष्य रखा, जिसे दिल्ली ने केएल राहुल (56) और अभिषेक पोरेल (51) की पहले विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी के दम पर चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस हार के साथ अब राजस्थान रॉयल्स के सामने प्लेऑफ में पहुंचने का एकमात्र रास्ता अपने दोनों मुकाबले जीतना है। हालांकि तब भी उसका प्लेऑफ में पहुंचना नेट रनरेट पर निर्भर करेगा।

तेज शुरुआत के बाद लड़खड़ाई दोनों टीमें

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दोनों ही टीमें तेज शुरुआत के बाद लड़खड़ाती नजर आईं। राजस्थान ने पावरप्ले में 75 रन जोड़े और 14वें ओवर तक 140 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बावजूद उसके बल्लेबाज 193 रन ही बना सके। वहीं दिल्ली ने भी पावरप्ले में 72 रन बनाए थे और 10वें ओवर में 101 रन बनाकर लक्ष्य दिल्ली के पहुंच में दिख रहा था, लेकिन अंत में उसके बल्लेबाजों ने भी संघर्ष किया और पांच विकेट गंवा दिए थे। राजस्थान के कप्तान का डोनोवान फरेरा 18वां ओवर देना भी समझ से परे रहा। उनके इस ओवर में कुल 16 रन आए जो हार का कारण रहा। इस ओवर से पहले दिल्ली को जीतने के लिए 3 ओवर में केवल 35 रन की जरूरत थी। इसके बावजूद उन्हें ओवर दिया गया।

मिचेल स्टार्क ने थामी रफ्तार

दिल्ली के मैदान पर तेज रफ्तार से दौड़ रही राजस्थान रॉयल्स की गाड़ी पर मिचेल स्टार्क ने अपने एक ही ओवर में ब्रेक लगा दिया। राजस्थान की पारी का 15वां ओवर फेंकने आए स्टार्क ने दूसरी गेंद पर कप्तान रियान पराग (51) को आउट किया और अगली गेंद पर डोनोवान फरेरा (0) का विकेट लेकर राजस्थान के खेमे में हलचल मचा दी। हालांकि, वह हैट्रिक से चूक गए, लेकिन फिर अगली गेंद पर रवि सिंह (4) को आउट कर पारी को थाम दिया।

14वें ओवर तक राजस्थान दो विकेट पर 140 रन बना चुकी थी और एक समय 250 का स्कोर भी उसकी पहुंच में लग रहा था। लेकिन स्टार्क के एक ओवर में पूरा खेल बदल दिया और राजस्थान आठ विकेट पर 193 रन बना सकी। स्टार्क ने चार विकेट झटके। उनके अलावा माधव तिवारी ने दो विकेट लिए। प्लेऑफ की धुंधली उम्मीदों को जीवित रखने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।

जायसवाल ने पहले ओवर में जड़े तीन चौके

यशस्वी जायसवाल ने पहले ओवर में तीन चौके जड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन दूसरे ओवर में लुंगी एनगिडी ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल को आउट कर राजस्थान को पहला झटका दिया, लेकिन इसके बाद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी वैभवशाली बल्लेबाजी शुरू की और मिचेल स्टार्क को फाइन लेग पर शानदार पुल शॉट लगाकर गेंद को मैदान से बाहर भेजा।

इस बीच, ध्रुव जुरेल का कैच छूटा, लेकिन वैभव का प्रहार जारी रहा। वैभव ने पदार्पण कर रहे त्रिपुराना विजय के पांचवें ओवर में तीन चौके और एक छक्का जड़ते हुए उनकी लय बिगाड़ दी। ध्रुव जुरेल और वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में ही 75 रन कूट कर राजस्थान के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी। हालांकि, वैभव तेज शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 46 रन बनाकर आउट हुए। माधव तिवारी ने उन्हें लॉन्गऑन पर डेविड मिलर के हाथों कैच कराया।

रियान का हल्ला बोल

वैभव के आउट होने के बाद क्रीज पर आए राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने मुकेश कुमार के एक ओवर में तीन छक्के और एक चौका जड़ते हुए 23 रन कूटे और ध्रुव जुरैल के साथ चौथे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी कर डाली। इस ओवर से राजस्थान ने फिर रफ्तार पकड़ी और 14 ओवर में 140 रन बनाकर बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी। लेकिन फिर आया स्टार्क का 15वां ओवर, जिसने पूरे मैच की कहानी ही पलट कर रख दी। रियान के अलावा जुरेल (51) ने भी अर्धशतक लगाया।

केएल और पोरेल का पलटवार

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम को केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने शानदार शुरुआत दिलाई और पहले ही ओवर से राजस्थान के गेंदबाजों पर हल्ला बोला। दोनों ने पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की और जीत की नींव रखी। केएल ने राजस्थान के विरुद्ध अपना नौवां अर्धशतक लगाया और इस सीजन लगातार दूूसरा। वहीं इस सीजन अपना दूसरा मैच खेल रहे पोरेल ने भी अर्धशतकीय पारी खेली।