IPL समाचार : पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए मौजूदा आईपीएल सीजन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। हार्दिक पांड्या की अगुआई में टीम लगातार संघर्ष करती दिख रही है और चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध मुकाबले में शनिवार को 159 रन ही बना सकी। नमर धीर (57) ने फिफ्टी लगाई।
160 रन के टारगेट चेन्नई ने 19वें ओवर में चेज कर 8 विकेट से मैच अपने नाम किया। मौजूदा सीजन में यह चेन्नई की 9 मैच में चौथी जीत है। वहीं मुंबई ने 7वीं बार हार का स्वाद चखा है। इस सीजन में चेन्नई ने मुंबई को दूसरी बार हराया है। इसके साथ ही मुंबई प्लेऑफ की रेस से अब लगभग बाहर हो गई है। मुंबई ने आईपीएल 2026 में 9 में से 2 मैच जीते हैं।

ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी पारी
160 रन चेज करने उतरी चेन्नई ने पावरप्ले में 2 विकेट गंवा दिए थे। संजू सैमसन (11) को जसप्रीत बुमराह ने और उर्विल पटेल (24) को गजनफर ने आउट किया। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 36 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। उनके और इम्पैक्ट प्लेयर कार्तिक शर्मा के बीच मैच विनिंग साझेदारी (98 रन) हुई। ऋतुराज ने 48 गेंदों पर 67* और कार्तिक ने 40 गेंदों पर 54* रन बनाए।

आईपीएल में सीएसके के लिए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
- 34 – सुरेश रैना (171 पारियां)
- 24 – ऋतुराज गायकवाड़ (79 पारियां)*
- 22 – एमएस धोनी (215 पारियां)
- 20 – फाफ डु प्लेसिस (86 पारियां)
हार्दिक पांड्या ने जीता टॉस
चेन्नई का किला माने जाने वाले एमए चिदंबरम स्टेडियम में मुंबई के कप्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। नमन धीर मन धीर (57) ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलकर टीम की लड़खड़ाती पारी को संभाला। नमन धीर ने 34 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और इस सीजन में यह उनका दूसरा अर्धशतक रहा। इससे पहले वह वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के विरुद्ध भी शानदार अर्धशतक जड़ चुके हैं।
रिकल्टन-नमन ने तेजी से बनाए रन
मुंबई की शुरुआत एक बार फिर डगमगाई। टीम को दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर पहला झटका लगा, जब विल जैक्स महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद रियान रिकल्टन और नमन धीर ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। दोनों ने समझदारी और आक्रामकता का संतुलन दिखाते हुए दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 58 रन जोड़े।
रिकल्टन ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों पर पांच छक्कों की मदद से 37 रन बनाए, लेकिन वह लंबी पारी खेलने में सफल नहीं हो सके। इसके बाद नमन ने सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए साझेदारी की। दोनों ने 24 गेंदों पर 24 रन जोड़कर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया।
सूर्यकुमार एक बार फिर हुए फेल
भारतीय टीम को टी-20 विश्व कप जीताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 12 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 21 रन बनाए। हाल के मैचों में सूर्यकुमार का प्रदर्शन लगातार उतार-चढ़ाव भरा रहा है। इस सीजन में उनके स्कोर 16, 51, 6, 33, 0, 15, 36 और 5 रहे हैं, जिससे उनकी फार्म पर सवाल उठ रहे हैं। तेज गेंदबाजों के विरुद्ध भी वह संघर्ष करते नजर आए हैं।
वहीं, तिलक वर्मा का बल्ला भी शांत रहा। वह सिर्फ आठ गेंदों में पांच रन बनाकर आउट हो गए, उन्हें नूर अहमद ने पवेलियन भेजा। कप्तान हार्दिक पांड्या भी 18 रन ही बना सके और बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
रोहित और धोनी के फैंस को करना होगा इंतजार
इस मुकाबले में फैंस को एक और निराशा झेलनी पड़ी, क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा दोनों ही मैदान पर नजर नहीं आए। रोहित शर्मा हैमस्टि्रंग की चोट के चलते 12 अप्रैल के बाद से मैच नहीं खेल पाए हैं, जबकि धोनी भी पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं। दोनों दिग्गजों की गैरमौजूदगी ने मुकाबले की चमक कुछ कम कर दी है और प्रशंसकों को उनके मैदान पर लौटने का इंतजार बना हुआ है।




