अकोला समाचार : भारतीय रियल एस्टेट सलाहकार / एजेंट वेलफेयर यूनियन द्वारा आयोजित “रियल एस्टेट लीगल अवेयरनेस संवाद कार्यक्रम” का भव्य आयोजन कृषक भवन, डॉ. पंजाबराव कृषि विद्यापीठ, अकोला में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रियल एस्टेट सलाहकारों, एजेंटों, बिल्डर्स एवं डेवलपर्स की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे आयोजन अत्यंत प्रभावशाली बन गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा. श्री अनूपजी धोत्रे (सांसद) ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि यदि रियल एस्टेट सलाहकार संगठित होकर यूनियन को मजबूत बनाते हैं, तो वे संसद में उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए पूर्णतः तैयार हैं। उन्होंने संगठन विस्तार पर विशेष जोर देते हुए अधिकाधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि मा. शारदा खेडकर (महापौर) ने कार्यक्रम को शुभकामनाएं देते हुए स्थानीय स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। NAREDCO से जुड़े सुनील इनानी ने अपने संबोधन में कहा कि सभी रियल एस्टेट एजेंटों को महाराष्ट्र रेरा का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से लेना चाहिए। पूर्ण कानूनी ज्ञान, पारदर्शिता और व्यावसायिक दक्षता के साथ ही कोई व्यक्ति एक सच्चा एवं विश्वसनीय सलाहकार कहलाता है। उन्होंने संगठन को सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवीर सिंह ने की। उन्होंने संगठन के उद्देश्य, सलाहकारों के अधिकारों की रक्षा, पारदर्शिता एवं पेशेवर मजबूती पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। मंच से उपस्थित सदस्यों को अपने प्रश्न रखने का अवसर प्रदान किया गया तथा सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कृपान, राष्ट्रीय सचिव मोहन बडवाइक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप मनवर एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय खोब्रागड़े की विशेष उपस्थिति रही। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप मनवर ने प्रभावी प्रस्तावना रखी, जबकि मोहन बडवाइक एवं संजय कृपान ने संगठन की भावी रणनीतियों पर सारगर्भित मार्गदर्शन दिया।
अकोला जिला कार्यकारिणी से जिला अध्यक्ष आतिश तायडे, जिला कार्यकारी अध्यक्ष निलेश देशपांडे, जिला सचिव विठ्ठल चिंतामणे सहित संपूर्ण टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही। कार्यक्रम में तहसीलदार, पत्रकार बंधु एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम का सफल संचालन पवन वानखेडे (मीडिया प्रमुख, अकोला जिला) ने अत्यंत प्रभावी ढंग से किया। उपस्थित रियल एस्टेट सलाहकारों का उत्साह और सहभागिता सराहनीय रही, जिसने कार्यक्रम को प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया।
अंत में संस्थापक अध्यक्ष राजवीर सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने का संकल्प दोहराया। अकोला में आयोजित यह कार्यक्रम रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए जागरूकता, एकता और मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।




