पद्मिनी कोल्हापुरे करेंगी उद्घाटन, सुरेश वाडकर की सुगम संगीत संध्या आकर्षण
नागपुर समाचार : वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में आनंद, सकारात्मक सोच और सामाजिक सक्रियता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला ‘खासदार (सांसद) वरिष्ठ नागरिक सांस्कृतिक महोत्सव’ इस वर्ष 14 और 15 फरवरी को कविवर्य सुरेश भट सभागृह, रेशीमबाग में आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री माननीय श्री नितिन गडकरी एवं वरिष्ठ नेता माननीय श्री दत्ता मेघे की संकल्पना से साकार यह आयोजन ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान द्वारा किया जा रहा है और यह इसका चौथा वर्ष है।
उद्घाटन समारोह और संगीत संध्या
शनिवार, 14 फरवरी को सुबह 10.30 बजे तीन बार फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित सुप्रसिद्ध अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे के हाथों महोत्सव का उद्घाटन होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी करेंगे, जबकि वरिष्ठ नेता श्री दत्ता मेघे प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन सत्र के पश्चात संगीत अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पद्मश्री सुरेश वाडकर का सुगम संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
दूसरे दिन ‘आयुष्यावर बोलू काही’ की प्रस्तुति
रविवार, 15 फरवरी को सुबह 10.30 बजे प्रसिद्ध कवि-गीतकार-संगीतकार जोड़ी सलील कुलकर्णी और संदीप खरे का लोकप्रिय मराठी कार्यक्रम ‘आयुष्यावर बोलू काही’ प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर मराठी अभिनेत्री, लेखिका और सामाजिक कार्यकर्ता निशिगंधा वाड की विशेष उपस्थिति रहेगी।
सम्मान और प्रवेश व्यवस्था
दो दिवसीय महोत्सव के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। दोनों दिनों के कार्यक्रमों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा, हालांकि पास अनिवार्य होंगे। निःशुल्क पास सुरेश भट सभागृह, ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान कार्यालय तथा खामला स्थित श्री नितिन गडकरी के जनसंपर्क कार्यालय से दोपहर 12 से 4 बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं। आयोजकों ने वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी नागरिकों से इस सांस्कृतिक महोत्सव में सहभागिता की अपील की है।




