- Breaking News, PRESS CONFERENCE, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : लाड़ली बहन योजना पर कांग्रेस की भूमिका पर बावनकुले का तीखा प्रहार

नागपुर समाचार : मनपा चुनाव की आचार संहिता के बीच लाड़ली बहन योजना की राशि वितरण को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. कांग्रेस द्वारा चुनाव संपन्न होने तक योजना की राशि रोकने की मांग पर राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शुरू से ही महिलाओं के हित में बनी योजनाओं के रास्ते में बाधाएं खड़ी करती रही है और अब एक बार फिर उसका असली चेहरा सामने आया है.

बावनकुले ने कहा कि मकर संक्रांति से पहले इस तरह की मांग कर कांग्रेस ने महिलाओं के प्रति अपनी नकारात्मक सोच उजागर कर दी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि लाड़ली बहन योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं के खातों में 14 और 15 जनवरी को दिसंबर और जनवरी माह की कुल 3,000 रुपए की राशि जमा किए जाने की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने इसे महिलाओं का अधिकार बताते हुए कहा कि इस पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है.

कांग्रेस की प्रदेश महासचिव द्वारा चुनाव आयोग में की गई शिकायत को लेकर बावनकुले ने सवाल उठाए और आरोप लगाया कि योजना को रोकने के लिए न्यायालय का सहारा लेने वाले व्यक्ति के कांग्रेस से प्रत्यक्ष संबंध हैं. उनके अनुसार यह पूरा मामला सुनियोजित तरीके से महिलाओं को मिलने वाले लाभ में अड़चन डालने का प्रयास है.

इसके साथ ही बावनकुले ने कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार और शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विश्वासघात की घटनाएं जनता भूली नहीं है और अवसरवादी राजनीति का जवाब मतदाता समय पर देंगे. बावनकुले के इस बयान से मनपा चुनाव के दौरान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.