- Breaking News, PRESS CONFERENCE, आयोजन, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : ‘गाथा श्रीराम मंदिर की’ और ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ संगीतमय गाथाएँ 14 और 15 दिसंबर को

राष्ट्रसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर प्रकाश राजूरकर मेमोरियल ट्रस्ट का विशेष आयोजन

नागपुर समाचार : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष और प्रकाश राजूरकर मेमोरियल ट्रस्ट के रजत महोत्सवी वर्ष के उपलक्ष्य में दो विशेष संगीतमय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। ‘गाथा श्रीराम मंदिर की’ यह भव्य संगीतमय महागाथा रविवार, 14 दिसंबर को तथा ‘संकल्प साधना के 100 वर्ष – राष्ट्र सर्वोपरि’ यह संगीतमय संघगाथा सोमवार, 15 दिसंबर को प्रस्तुत की जाएगी। इसकी जानकारी आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक संदीप जोशी ने पत्रकार परिषद में दी।

प्रकाश राजूरकर मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित और मोहित शेवानी की प्रस्तुति वाले ये दोनों कार्यक्रम शाम 6 बजे लक्ष्मीनगर, नागपुर के वॉलीबॉल मैदान, आठ रस्ता चौक पर होंगे। इन दोनों कार्यक्रमों का लेखन प्रबुद्ध सौरभ ने किया है।

‘गाथा श्रीराम मंदिर की’ संगीतमय गाथा

अयोध्या में श्रीराम मंदिर के लगभग 500 वर्ष के संघर्षमय इतिहास में अनेक धार्मिक, सामाजिक और कानूनी लड़ाइयों का संदर्भ शामिल है। अनेक उतार-चढ़ावों और लम्बी न्यायिक प्रक्रिया के बाद सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय से मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। फलस्वरूप, 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का उद्घाटन हुआ तथा 25 नवंबर 2025 को इस मंदिर पर धर्म ध्वज फहराया गया।

नवीन पीढ़ी को यह संपूर्ण इतिहास सुलभ और रोचक रूप में समजने हेतु ‘गाथा श्रीराम मंदिर की’ यह दृश्य-श्राव्य संगीतमय प्रस्तुति तैयार की गई है, जिसमें आधुनिक तकनीक के माध्यम से पाँच सदियों का इतिहास सजीव किया गया है।

राष्ट्र सर्वोपरि’ संगीतमय संघगाथा

देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को धारण करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा की गई थी। हिंदुत्व के पुनरुत्थान का ध्येय लिए इस संगठन की अनुशासित, राष्ट्रनिष्ठ विचारधारा को आगे श्रद्धेय गुरुजी श्री माधव सदाशिव गोलवलकर ने दृढ़ता से आगे बढ़ाया।

संघ के इन 100 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को संगीतमय रूप में प्रस्तुत करने के लिए ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ यह विशेष संघगाथा सादर की जा रही है।

नि:शुल्क प्रवेश — प्रवेशिका अनिवार्य

दोनों कार्यक्रमों में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा, परंतु प्रवेश केवल प्रवेशिका के आधार पर ही दिया जाएगा। प्रवेशिकाएँ 10 दिसंबर 2025 से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निम्न स्थलों पर उपलब्ध होंगी: विधायक संदीप जोशी कार्यालय, 170, आरपीटीएस रोड, लक्ष्मीनगर और साकेत राजूरकर, 552, पी. आर. साठे मार्ग, देवी अहिल्या मंदिर के पास, धंतोली एवं आशुतोष फडणवीस, मांगल्य, 162, गांधीनगर, नागपुर

आयोजकों ने अधिकाधिक नागरिकों से आवाहन किया है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर राष्ट्रकार्य में अपना सहयोग दें और त्याग, संस्कार व देशभक्ति के इस इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुँचाए।

पत्रकार परिषद में आयोजन समिति अध्यक्ष एवं विधायक संदीप जोशी, सचिव अनुप राजूरकर, तथा सह-सचिव प्रफुल्ल माटेगावकर और आशुतोष फडणवीस, CA यश वर्मा और नीरज दोन्तुलवार उपस्थित थे।