अगर सरकार का कोटा सीमित रहेगा तो किसानों के लिए आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है – वि. विनोद अग्रवाल
गोंदिया समाचार : किसान हित में अपनी आवाज बुलंद करते हुए गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर रब्बी सीजन की धान खरीदी का सरकारी लक्ष्य तुरंत बढ़ाने की मांग की है।
बता दें कि, गोंदिया जिले को ‘घान की कोठी’ कहा जाता है, इस साल रब्बी हंगाम में अपेक्षा से अधिक धान उत्पादन कर चुका है। लेकिन विडंबना ये है कि सरकारी खरीदी का जो लक्ष्य तय किया गया है, वह इस बार किसानों की मेहनत और उत्पादन दोनों से काफी कम है।
विधायक अग्रवाल ने पत्र में स्पष्ट किया है कि कम लक्ष्य के कारण सरकारी सब एजेंट संस्थाओं में भले ही धान खरीदी चालू हो गई हो, लेकिन कई किसानों के बिल बनाने में अड़चने आ रही हैं। इसका सीधा असर किसानों की जेब और मनोबल दोनों पर पड़ रहा है। जब उत्पादन अधिक है और बाजार में दाम कम ऐसे में सरकार ही किसानों की एकमात्र उम्मीद होती है, लेकिन खरीदी लक्ष्य कम रखना अन्याय है। अगर सरकार ने तुरंत लक्ष्य नहीं बढ़ाया, तो हजारों किंटल धान बिना खरीदी के खेतों में सड़ जाएगा।
बाजार भाव गिरा, किसान बेचैन
मंडी में धान के कम दाम ने वैसे भी किसानों को परेशान कर रखा है। निजी व्यापारियों की ओर से खरीदी ना के बराबर है या बेहद कम दाम पर हो रही है। ऐसे में अगर सरकारी खरीदी का भी कोटा सीमित रहेगा, तो किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
मुख्यमंत्री से की मांग
जिले के लिए धान खरीदी का सरकारी लक्ष्य जल्द से जल्द बढ़ाया जाए। किसानों को उनकी उपज का समुचित मूल्य मिल सके, इसके लिए खरीदी प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। मार्केटिंग फेडरेशन और उसकी सब-एजेंसीज़ को निर्देश दिए जाएं कि वे धान खरीदी में रुकावट न डालें।
विधायक द्वारा मुख्यमंत्री से की गई इस मांग के बाद जिले के किसानों में नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार हुआ है।