- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : हजरत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की छब्बीसवीं 13 जून को

ताजबाग दरगाह में आयोजित होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम, श्रद्धालुओं से सम्मिलित होने का आह्वान

नागपुर समाचार : हजरत बाबा सैयद मुहम्मद ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की छब्बीसवीं शरीफ शनिवार, 13 जून को ताजबाग दरगाह परिसर में पूर्ण श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस पुण्य अवसर पर नागपुर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अकीदतमंदों एवं श्रद्धालुओं के ताजबाग पधारने की संभावना है।

छब्बीसवीं शरीफ के कार्यक्रमों का आरंभ प्रातः 8:30 बजे हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट कार्यालय में पारंपरिक दस्तारबंदी की रस्म से होगा। तदुपरांत शमा महफिल का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 9 बजे दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में परचम कुशाई की रस्म संपन्न होगी। इसके पश्चात सलातो-सलाम का पाठ किया जाएगा तथा विश्व शांति, भाईचारे, अमन एवं समृद्धि हेतु विशेष दुआ की जाएगी।

हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट द्वारा पूरे दिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। दरगाह परिसर स्थित लंगरखाने में श्रद्धालुओं के लिए लंगर वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। सायंकाल दरगाह परिसर में शमा महफिल, मिलाद शरीफ तथा सूफियाना कव्वाली का आयोजन होगा। इस अवसर पर देश के प्रसिद्ध नातख्वां और कव्वाल अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करेंगे।

हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री प्यारे जिया खान, सचिव श्री ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जिचकार तथा ट्रस्टी हाजी फारुखभाई बावला, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया, मुस्तफाभाई टोपीवाला और हाजी इमरान खान ताजी सहित हजरत बाबा ताजुद्दीन दरगाह खुद्दाम कमेटी के अध्यक्ष सैयद मोबीन खान ताजी ने सभी श्रद्धालुओं एवं अकीदतमंदों से बड़ी संख्या में छब्बीसवीं शरीफ में सम्मिलित होकर बाबा के दरबार की कृपा प्राप्त करने का आग्रह किया है।