- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 40 रनों से हराकर दिल्ली कैपिटल (DC) ने जीत के साथ समाप्त किया सफर, IPL का लीग चरण खत्म हुआ, अब प्लेऑफ की बारी

IPL समाचार : रविवार शाम ईडन गार्डेंस स्टेडियम में आईपीएल के वर्तमान सत्र के लीग चरण का अंतिम मैच शुरू होते ही कोलकाता प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी। कारण, वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान मुंबई को हराकर प्लेऑफ में पहुंचने वाली अंतिम टीम बन चुकी थी।

कोलकाता अंतिम मैच जीत के साथ खत्म करना चाहती थी, लेकिन उसे वह भी नसीब नहीं हो पाया। दिल्ली उसके लिए दूर ही रह गई। दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को उसी के मैदान में 40 रनों से हरा दिया।

राहुल ने लगाई फिफ्टी

दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए लोकेश राहुल (60) और कप्तान अक्षर पटेल (39) की शानदार पारियों के बूते निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 203 रन बनाए, जिसके जवाब में कोलकाता 18.4 ओवर खेलकर सारे विकेट गंवाकर 163 रन ही बना पाई।

उसके छह बल्लेबाज तो दहाई अंक पर भी नहीं पहुंच पाए। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सर्वाधिक 63 रन बनाकर आईपीएल का अपना 35वां अर्धशतक पूरा किया। दिल्ली शनिवार को ही पंजाब की जीत के साथ प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी, हालांकि ईडन से सांत्वना जीत लेकर लौटी है।

कुलदीप ने पलटा मैच का रुख

ईडन गार्डेंस हो और कुलदीप यादव (3/29) को विकेट न मिले, ऐसा कम ही देखने को मिलता है। कुलदीप ने 14वें ओवर में मैच का रुख पलट दिया। कोलकाता उस समय अच्छी स्थिति में थी और कप्तान रहाणे की शानदार बल्लेबाजी से वह लक्ष्य की तरफ बढ़ रही थी। कुलदीप ने ओवर की दूसरी गेंद पर रहाणे को डेविड मिलर के हाथों लपकवाया, अगली गेंद पर रिंकू सिंह को भी ट्रिस्टन स्ब्टस के हाथों लपकवा कर चलता कर दिया।

कुलदीप हैटट्रिक भी कर लेते, अगर अगली गेंद पर विकेटकीपर अभिषेक पोरेल ने तेजस्वी दहिया का आसान सा कैच नहीं टपकाया होता। इस कारण कुलदीप अमित मिश्रा के बाद दिल्ली के लिए हैटट्रिक करने वाले दूसरे गेंदबाज बनने से चूक गए। तेज गेंदबाज लुंगी एनगिदी ने भी तीन विकेट चटकाए।

उन्होंने टीम को शुरुआती दो सफलताएं दिलाई। मिशेल स्टार्क की झोली में भी दो विकेट आए। कोलकाता के लिए तेज गेंदबाज सौरव दुबे ने दो विकेट लिए। मैच की अंतिम गेंद पर विकेटकीपर तेजस्वी दहिया ने आशुतोष शर्मा का आसान सा कैच नहीं छोड़ा होता तो दुबे के नाम भी इस मैच में तीन विकेट होते।

शाबास कोलकाता

आईपीएल के इस सत्र को निश्चित रूप से कोलकाता के कमबैक के लिए भी याद रखा जाएगा। पहले छह मैचों में से पांच मैच हारने व एक मैच बारिश के कारण धुलने के बाद रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता ने जिस तरह से वापसी की, वह प्रशंसनीय है।

क्रिकेट पंडित पहले छह मैच बाद कोलकाता को प्लेऑफ की दौड़ से बाहर मान बैठे थे। कोलकाता ने उसके बाद लगभग हर मैच करो या मरो की तरह खेला और अपनी उम्मीदें बनाए रखी। लीग चरण के अंतिम दो मैचों से पहले तक कोलकाता के लिए संभावनाएं मौजूद थीं।

कमाल के राहुल

लोकेश राहुल ने 30 गेंदों पर 60 रनों की एक और शानदार पारी खेल मौजूदा सत्र से विदाई ली। उनकी पारी में पांच चौके व चार छक्के शामिल रहे। राहुल ने अभिषेक पोरेल (22) के साथ दिल्ली को तेज शुरुआत दी। राहुल ने इस सत्र में 14 मैचों में कुल 593 रन बनाए हैं, जिनमें एक शतक व पांच अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने पंजाब के विरुद्ध मात्र 67 गेंदों पर अविजित 152 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। पूरे सत्र में उन्होंने 53 चौके व 29 छक्के लगाए।

टॉस के वक्त तक ये थे समीकरण

कोलकाता के लिए टॉस के वक्त तक उम्मीदें बची थीं क्योंकि राजस्थान-मुंबई के बीच उस समय वानखेड़े स्टेडियम में रोमांचक मैच चल रहा था, जिसका परिणाम किसी भी ओर जा सकता था, लेकिन ईडन गार्डेंस में कोलकाता-दिल्ली का मैच शुरू होने के बाद कुछ गेंदें ही डली थीं कि राजस्थान की जीत की खबर आ गई और यह मैच निर्णायक से साधारण बनकर रह गया। केवल औपचारिकता रह गईं।

मैदान में कोलकाता के खिलाड़ियों के मायूस चेहरों से साफ हो गया था कि उन्हें राजस्थान की जीत की खबर मिल चुकी है। कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे के टास जीतकर रनों का पीछा करने का निर्णय लिया था। तब तक समीकरण यह थे कि राजस्थान अगर मैच हारती तो कोलकाता को पहले बल्लेबाजी करने पर दिल्ली को कम से कम 77 रनों से हराना पड़ता, वहीं दिल्ली के पहले बल्लेबाजी करने पर कोलकाता को लक्ष्य को 12.1 ओवर में साधना पड़ता।