- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : चेन्‍नई सुपर किंग्‍स (CSK) का सफर हुआ समाप्‍त, गुजरात टायटन (GT) ने जाते-जाते दे दिया गहरा जख्‍म, गुजरात टायटन ने 89 रन जीता मैच

IPL समाचार : शुभमन गिल और साई सुदर्शन की शानदार बल्लेबाजी के बाद गुजरात के गेंदबाजों ने कमाल करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया है। इसी के साथ गुजरात के 18 अंक हो गए हैं और टॉप-2 में जगह बनाने के लिए प्रबल दावेदारी पेश की है। जीटी ने चेन्नई को 89 रनों से मात दी, जो सीएसके की रनों के लिहाज ने आईपीएल के इतिहास में सबसे बड़ी हार है।

गुजरात ने बनाए थे 229 रन

गुजरात टाइटंस ने एक बार फिर सफल बल्लेबाजी शैली का शानदार नमूना पेश करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध मुकाबले में चार विकेट पर 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल (64), साई सुदर्शन (84) और जोस बटलर (57*) की अर्धशतकीय पारियों ने चेन्नई के गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया।

गुजरात की बल्लेबाजी पिछले दो सत्रों से जिस फॉर्मूले पर चल रही है, उसी का असर इस मुकाबले में भी देखने को मिला। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने एक बार फिर अधिकांश रन बनाकर टीम के लिए मजबूत नींव तैयार की। शुभमन गिल ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया, जबकि साई सुदर्शन ने शुरुआती ओवरों में संयम दिखाते हुए उनका साथ निभाया।

पावरप्ले के बाद खेले बड़े शॉट्स

पावरप्ले खत्म होते ही दोनों बल्लेबाजों ने गियर बदल दिया और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स खेलने शुरू कर दिए। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी कर डाली। यह आईपीएल इतिहास में गिल और सुदर्शन की सातवीं शतकीय साझेदारी रही, जिससे उन्होंने डेविड वॉर्नर-शिखर धवन और ट्रेविस हेड-अभिषेक शर्मा की जोड़ी को पीछे छोड़ दिया।

कप्तान गिल ने केवल 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन के विरुद्ध गिल ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने कट, स्ट्रेट ड्राइव और क्रीज का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए कई आकर्षक चौके लगाए। पावरप्ले में गुजरात ने बिना विकेट खोए 62 रन बना लिए थे। इसके बाद जब चेन्नई ने स्पिनर नूर अहमद को गेंदबाजी पर लगाया तो गिल ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लगातार दो छक्के जड़ दिए।

गिल और सुदर्शन के बीच शतकीय साझेदारी

10 ओवर में गुजरात का स्कोर बिना विकेट के 111 रन पहुंच चुका था। गिल के आउट होने के बाद भी गुजरात की रफ्तार धीमी नहीं हुई। साई सुदर्शन और जोस बटलर ने मोर्चा संभालते हुए चेन्नई के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें कम जोखिम के साथ बेहतरीन टाइमिंग देखने को मिली। यह उनका लगातार पांचवां अर्धशतक रहा।

पारी के अंतिम ओवरों में सुदर्शन ने अंशुल कंबोज की लो फुलटॉस गेंद पर प्वाइंट के ऊपर से शानदार छक्का जड़कर दर्शकों का मनोरंजन किया। दूसरी ओर बटलर भी पूरी लय में नजर आए। उन्होंने 27 गेंदों में अविजित 57 रन बनाए और चार छक्के लगाए, जिनमें दो नूर अहमद के विरुद्ध आए। चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज पूरे मैच में संघर्ष करते नजर आए। स्पेंसर जॉनसन की लाइन-लेंथ खराब रही, जबकि नूर अहमद और अन्य गेंदबाज भी गुजरात के बल्लेबाजों पर कोई दबाव नहीं बना सके।