नागपुर को मिली अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा, भव्य डायग्नोस्टिक सेंटर का होगा शुभारंभ 22 मार्च को
नागपुर समाचार : गरीब एवं मध्यमवर्गीय मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में ‘गंगाधरराव फडणवीस मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर’ का भव्य लोकार्पण 22 मार्च को सायं 6 बजे पावनभूमि, श्रीरामनगर क्रीड़ांगण, वर्धा रोड, नागपुर में किया जाएगा। इस अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के करकमलों से संपन्न होगा।
इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, महापौर नीता ठाकरे एवं राज्यसभा सांसद मायाताई इवनाते की विशेष उपस्थिति रहेगी। श्री सिद्धिविनायक सेवा फाउंडेशन द्वारा निर्मित यह केंद्र लगभग 20,000 वर्गफुट क्षेत्र में स्थापित किया गया है। करीब 15-20 वर्ष पूर्व, जब देवेंद्र फडणवीस विधायक थे, तब उन्होंने गरीबों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त डायग्नोस्टिक सेंटर का सपना देखा था, जो आज साकार हो रहा है।
यह केंद्र मध्य भारत का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर माना जा रहा है, जहां एक ही छत के नीचे ‘फाइव स्टार’ स्तर की चिकित्सा जांच सुविधाएं नाममात्र दरों पर उपलब्ध होंगी। यहां दो 3 टेस्ला एमआरआई, दो 124 स्लाइस सीटी स्कैन मशीनें, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे एवं आधुनिक पैथोलॉजी लैब की व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही 25 मशीनों से सुसज्जित विशाल डायलिसिस यूनिट भी स्थापित की गई है, जिसमें संक्रमित मरीजों के लिए अलग वार्ड की सुविधा है। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को निःशुल्क डायलिसिस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
संस्था के अध्यक्ष संदीप जोशी ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में लोकार्पण समारोह में उपस्थित




