- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : नीता महापौर, लीला उपमहापौर ! लक्ष्मी हत्तीठेले का नाम भी चर्चा में, संजय बालपांडे ने नहीं स्वीकार किया पद

नागपुर समाचार : नागपुर मनपा के इतिहास में पहली बार महापौर तथा उपमहापौर पद पर महिलाओं का राज होगा। महापौर पद पर भाजपा की नीता ठाकरे का चुना जाना तय हो चुका है जबकि उपमहापौर पद के लिए मध्य नागपुर के एड. संजयकुमार बालपांडे द्वारा इन्कार कर दिए जाने के बाद दक्षिण नागपुर की नगरसेविका लीला हाथीबेड को उपमहापौर बनाया जा रहा है। इस पद के लिए उत्तर नागपुर की नगरसेविका लक्ष्मी हत्तीठेले का नाम भी चलने की जानकारी है। लीला हाथीबेड अगर उपमहापौर बनती हैं तो एक ही दक्षिण नागपुर निर्वाचन क्षेत्र को दो महत्वपूर्ण पद मिल जाएंगे।

नागपुर की अगली महिला महापौर के रूप में भाजपा नगरसेविका नीता ठाकरे नामांकन भरने तैयार हैं। इसके लिए वे अपने तमाम नगरसेवकों के साथ पहले विभागीय आयुक्त कार्यालय तथा अब मनपा में पहुंच चुकी हैं। दोपहर २ बजे नामांकन प्रक्रिया आरंभ होगी। उधर उपमहापौर पद के लिए पेंच पैदा हो गया था। सूत्रों ने बताया कि पहले इस पद के लिए एड. संजय बालपांडे का नाम फाइनल किया गया था लेकिन बालपांडे ने यह पद स्वीकार करने से फिलहाल मना कर दिया है।

सूत्रों ने बताया कि बालपांडे को पहले स्थायी समिति सभापति पद का ऑफर दिया गया था लेकिन ऐन समय पर उनकी जगह शिवानी दाणी को स्थायी समिति सभापति बनाने का फैसला किया गया। इसी से नाराज होकर बालपांडे ने उपमहापौर बनने से इन्कार किए जाने की खबर है।

बताते हैं कि स्थायी समिति सभापति पद नहीं मिलने की पुष्टि होने के बाद एड. बालपांडे ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की तथा उपमहापौर पद स्वीकार करने से विनम्रतापूर्वक मना कर दिया। अब बालपांडे की जगह उपमहापौर पद के लिए विभिन्न नामों पर विचार किया गया। मध्य नागपुर के नगरसेवक बालपांडे द्वारा उपमहापौर नहीं बनने की स्थिति में मध्य की सारिका सुनील नांदुरकर के नाम पर विचार हुआ लेकिन लीला हाथीबेड ने बाजी मार ली। इससे पहले भाजपा के सभी नगरसेवकों को विभागीय आयुक्त कार्यालय ले जाया गया जहो नागपुर विकास आघाडी का पंजीयन किया गया। इस दौरान भाजपा के सभी विधायक व प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।