- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : गुणवत्ता से समझौता न करें जुलाई तक पूरा करें प्रोजेक्ट, स्पोर्ट्स हब का विभागीय आयुक्त, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

नागपुर समाचार : शहर की महत्वाकांक्षी नागपुर स्पोर्ट्स हब परियोजना के कार्यों का गुरुवार को विभागीय आयुक्त तथा विभागीय क्रीड़ा संकुल कार्यकारी समिति की अध्यक्ष विजयालक्ष्मी बिदरी और जिलाधिकारी व कार्यकारी समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. विपिन इटनकर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मानकापुर स्थित संभागीय परिसर के पूरे प्रकल्प की निर्माण प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और विभिन्न विकास कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधितों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रकल्प की कुछ प्रमुख इमारतों का कार्य जून माह तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि समयसीमा का पालन करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। जुलाई तक संपूर्ण स्पोर्ट्स हब परियोजना पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

स्पोर्ट्स हब परियोजना के पूर्ण होने के बाद नागपुर शहर और पूरे विभाग के खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति और खेल विकास को भी नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।