- Breaking News, आयोजन, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : नागपुर में पहली बार श्रीमद् हनुमत कथा यज्ञ, मारुति देवस्थान ट्रस्ट का अनोखा धार्मिक उपक्रम

नागपुर समाचार : रामदासपेठ स्थित मारुति देवस्थान ट्रस्ट द्वारा इस वर्ष नागपुर में पहली बार भव्य श्रीमद् हनुमत कथा यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह सप्तदिवसीय धार्मिक आयोजन 15 से 21 दिसंबर के दौरान मेजर आनंद खरे उद्यान, लेंड्रा पार्क के विशाल मैदान में संपन्न होगा। ट्रस्ट द्वारा इससे पूर्व कीर्तन महोत्सव, भागवत सप्ताह, रामकथा और गायत्री महायज्ञ जैसे अनेक धार्मिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।

‘अयोध्या धाम’ नामक कथा स्थल पर आयोजित इस हनुमत कथा यज्ञ के कथा-वाचक वेदशास्त्र संपन्न, राष्ट्रीय कथाव्यास एवं गोविंददेव गिरी महाराज के शिष्य प्रणव महाराज धानोरकर गुरुजी (पुणे) होंगे। कथा का शुभारंभ 15 दिसंबर को सुबह 9 बजे शोभायात्रा से होगा, जो नवदुर्गा मंदिर काचीपुरा से प्रारंभ होकर कथास्थल पहुंचेगी। उसी दिन दोपहर 3 बजे ज्ञानयज्ञ का विधिवत आरंभ होगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, अयोध्या के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी महाराज का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।

सप्ताहभर चलने वाली कथा में हनुमानजी के जीवन से जुड़े जन्म प्रसंग से लेकर संजीवनी बूटी लाने तक के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन आकर्षक झांकियों के माध्यम से किया जाएगा। 21 दिसंबर को हनुमान महायज्ञ, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद का आयोजन होगा, जबकि 20 दिसंबर को युवाओं के लिए ‘भजन क्लबिंग’ विशेष आकर्षण रहेगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस दिव्य आयोजन का लाभ लेने का आह्वान किया है।