- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : वंदे मातरम उद्यान का लोकार्पण आज, परमवीर चक्र विजेताओं को अनोखी श्रद्धांजलि

नागपुर समाचार : नागपुर महानगरपालिका द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में बजरिया स्थित एम्प्रेस मिल परिसर में निर्मित वंदे मातरम उद्यान का लोकार्पण शनिवार, 13 दिसंबर को शाम 6 बजे किया जाएगा। यह उद्यान 2.80 एकड़ क्षेत्र में तात्कालिक महापौर दयाशंकर तिवारी की संकल्पना पर आधारित है, जिसे परमवीर चक्र से सम्मानित 21 वीर सैनिकों को समर्पित किया गया है। लोकार्पण माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे।

शहर के मध्य बने इस उद्यान का उद्देश्य नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सैन्य सेवा के प्रति प्रेरणा जगाना है। उद्यान का प्रवेश द्वार दिल्ली के इंडिया गेट की प्रतीकृति के रूप में निर्मित है, जिसके पश्चात अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति ध्यान आकर्षित करती है। परिसर में 250 लोगों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर भी बनाया गया है, जिसमें नागपुर के स्वतंत्रता सेनानियों और ‘हिंदुस्तानी लाल सेना’ के इतिहास को दर्शाते नाम उकेरे गए हैं।

उद्यान के केंद्र में 21 परमवीर चक्र विजेताओं के भव्य फाइबर म्यूरल तथा उनके जीवन परिचय स्थापित हैं। म्यूरल्स के पीछे पारदर्शी एंटी फंगल-एंटी डस्ट पैनल लगाए गए हैं, जिन पर उन रणभूमियों की झलक है जहाँ इन वीरों ने शौर्य दिखाया। भविष्य के परमवीर चक्र विजेताओं हेतु पाँच स्थान आरक्षित हैं।

परिसर में सेना द्वारा उपयोग किए गए टैंक, तोप और एयरक्राफ्ट स्थापित करने की योजना भी प्रगतिशील है। मुख्यमंत्री द्वारा 10 करोड़ रुपये की मंजूर राशि से एम्प्रेस मिल की पुरानी चिमनी पर लेजर शो विकसित किया जाएगा, जिसमें वैज्ञानिकों द्वारा रक्षा क्षेत्र में दिए योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

उद्यान में मियावाकी पद्धति से लगाए गए 1800 भारतीय वृक्ष, ग्रीन जिम, बच्चों का आधुनिक खेल परिसर तथा 1.5 किमी वॉकिंग ट्रैक विशेष आकर्षण हैं। लोकार्पण समारोह में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और नगर अधिकारी उपस्थित रहेंगे।